Home छतीसगढ़ शिवनाथ नदी के तट पर जले 21 हजार दिए:11 महाआरती से गूंजा...

शिवनाथ नदी के तट पर जले 21 हजार दिए:11 महाआरती से गूंजा शिनवाथ नदी का तट, हजारों की संख्या में पहुंचे लोग

41
0

हर साल की तरह इस बार भी नए साल के अवसर पर दुर्ग जिले के महमरा एनीकट में शिवनाथ नदी के तट पर शिवनाथ महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर 21 हजार दीयों को जलाने में शामिल होने और 11 पंडितों द्वारा की जाने वाली महा आरती को देखने कई जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलता रहा।

शिवनाथ महोत्सव दुर्ग जिले के शिवनाथ नदी के किनारे पिछले तीन सालों से लगातार आयोजित की जा रहा है। आयोजन समिति के वरुण जोशी ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से ही शुरू हो गया है। लोग नए साल में यहां आकर भगवान शिव के दर्शन कर रहे थे। नए साल में बुराईयों को छोड़कर अच्छा काम करने का संकल्प ले रहे थे। इसके बाद उन्होंने महोत्सव का आनंद लिया। सबसे अधिक भीड़ शाम 6 बजे के बाद हुई। यहां 10 हजार से अधिक लोग महोत्सव देखने पहुंचे थे। गाड़ियों के लिए काफी दूर अलग से पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। यहां आने वाले सभी लोगों ने 21 हजार दिया जलाने में अपनी सहभागिता दी। इसके बाद डीजे की धुन पर रंगारंग कार्यक्रम का आनंद लिया गया।

11 महा आरती से गूंजा शिवनाथ तट
21 हजार दिये के साथ-साथ इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र 11 महा आरती थी। इसमें 11 पंडितों ने अलग-अलग आरती लेकर शिवनाथ तट पर भगवान शंकर की आरती की। इस आरती को देखने के लिए काफी लोग पहुंचे थे। आरती के दौरान सभी लोग भक्ती के सागर में डूबे दिखे

भव्य आतिशबाजी का नजारा
कार्यक्रम में भव्य आतिशबाजी की व्यवस्था की गई थी। शिवनाथ नदी के तट पर आसमानी आतिशबाजी को देखकर ऐसा लग रहा था मानों आसमान से तारे टूट कर शिवनाथ नदी में गिर रहे हैं। नदी के पानी में उस आतिशबाजी की झलक काफी मनोरम दिख रही है। इसके साथ ही कार्यक्रम में संगीत उत्सव और आर्केस्टा व डीजे का आयोजन किया जाता है। यह देर रात तक चलता रहा।