मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा कि गुरु घासीदास बाबा द्वारा दिए गये महान संदेश मनखे-मनखे एक समान की भावना के साथ छत्तीसगढ़ राज्य विकास, सद्भावना, शांति और प्रेम के मार्ग पर चलकर विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। बाबा के दिखाये मार्ग पर चलकर मानवता का कल्याण किया जा रहा है। हम सभी ईश्वर के संतान है, सत्य ही ईश्वर है और ईश्वर ही सत्य है। सत्य से बाहर कुछ भी नहीं है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल आज बेमेतरा जिले अंतर्गत विकासखण्ड मुख्यालय नवागढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय गुरु घासीदास बाबा लोक महोत्सव एवं जयंती समरोह 2022 के समापन के अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। संसदीय सचिव एवं विधायक नवागढ़ गुरुदायाल सिंह बंजारे ने समाज की ओर से मुख्यमंत्री को साफा पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बाबा गुरू घासीदास की पूजा-आरती कर राज्य की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर सतनाम समाज के आग्रह पर गुरू बालक दास सेवा समिति के नाम पर शासकीय जमीन विधि प्रक्रिया के तहत देने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया। साथ ही नवागढ़ में जैतखाम और भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रूपए देने की घोषणा की।



