Home छतीसगढ़ अलग-अलग देशों से रोज करीब दो सौ का आगमन:छत्तीसगढ़ में चीन समेत...

अलग-अलग देशों से रोज करीब दो सौ का आगमन:छत्तीसगढ़ में चीन समेत विदेश से एक हफ्ते में पहुंचे 1500 लोग, किसी को कोविड नहीं

19
0

कोरोना लहर की आशंका के बीच छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी राहत की खबर यह है कि पिछले 7 दिन में चीन समेत कई देशों से प्रदेश में तकरीबन डेढ़ हजार लोग आए हैं, लेकिन इनमें से एक में भी कोविड पाजिटिव नहीं निकला। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ को विदेश से आने वाले रोजाना डेढ़ से दो सौ लोगों की सूची शेयर की जा रही है।

इनमें से चीन, जापान, साउथ कोरिया, हांगकांग, थाइलैंड और सिंगापुर से आने वाले यात्रियों का कोविड टेस्ट हुआ है और सभी निगेटिव आए हैं। पूरे देश में कोविड बढ़ने की आशंका के कारण उन देशों से आने वालों को लेकर ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है, जहां ओमिक्रॉन का सब वैरिएंट बीएफ.7 फैला है। छत्तीसगढ़ से कारोबार के सिलसिले में कारोबारी अक्सर चीन, जापान, सिंगापुर, साउथ कोरिया जैसे देशों की यात्रा करते हैं।

इन देशों से आने वाले सभी लोगों की संबंधित इंटरनेशनल एयरपोर्ट और वहां जांच नहीं हो पाने पर यहां टेस्टिंग हो रही है। प्रदेश से छुट्टियां मनाने या रिश्तेदारों से मिलने के लिए यहां से ज्यादातर लोग यूरोप, अमेरिका और अरब देशों की यात्रा ज्यादा करते हैं। इन देशों से आने वालों का रैंडम सैंपल लिया जा रहा है।

मिली जानकारी के मुताबिक अब तक विदेश से लौटे डेढ़ हजार से अधिक लोगों में 5 फीसदी यानी लगभग 70 लोग चीन से लौटे हैं। जापान, साउथ कोरिया, हांगकांग, थाइलैंड और सिंगापुर से 55 से ज्यादा लोग लौटकर आए हैं।

तकरीबन 13 सौ से अधिक मुसाफिर नीदरलैंड, यूके, मालदीव, यूएई, कनाडा, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, आस्ट्रिया, दक्षिण अफ्रीका, फ्रांस, जर्मनी, कतर आयरलैंड जैसे देशों के हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सर्विलांस के लिए जो सिस्टम बनाया है, उसके तहत केंद्र से पहले सूची स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस अधिकारियों को दी जा रही है।

एक्सपर्ट व्यू – पॉजिटिव हुए तो जीनोम जांच

डाॅ. सुभाष मिश्रा, डायरेक्टर,एपिडेमिक

छत्तीसगढ़ के सभी सीएमएचओ को निर्देशित किया गया है कि विदेश यात्रा कर लौटकर आने वाले मुसाफिरों की सतत मॉनिटरिंग करें। सर्दी खांसी बुखार होने पर उनकी कोरोना जांच भी करवाएं। अगर कोई यात्री कोरोना पॉजिटिव आता है तो उसके संपर्क में आए लोगों की जांच भी अनिवार्य रूप से करवाई जाएगी। ताकि संक्रमण नहीं फैले। वहीं विदेश से आकर पॉजिटिव पाए जाने वाले शत प्रतिशत लोगों के सैंपल जीनोम जांच के लिए भेजने को कहा गया है।

राज्य की सीमा पर फोकस जरूरी

डॉ. देवेंद्र नायक, चेयरमैन, श्रीबालाजी हॉस्पिटल

जब पड़ोसी राज्यों खासतौर पर महाराष्ट्र, ओडिशा या एमपी में केस बढ़ते हैं, तो यहां भी बढ़ते हैं। इसलिए छत्तीसगढ़ की सीमा पर टेस्टिंग, ट्रेसिंग, ट्रीटमेंट पर खास फोकस अभी से ही रखना होगा।

देश के शीर्ष डॉक्टर बोले- अब कोरोना लहर की आशंका नहीं

चीन में फैले कोरोना से भारत में लोगों को डरने की जरूरत कतई नहीं है। पिछले तीन साल से कोरोना पर लगातार नजर रख रहे शीर्ष डॉक्टरों का कहना है कि देश में मैथेमेटिकल मॉडल के आधार पर अगले 40 दिन में नई लहर आने के दावे तर्कसंगत नहीं हैं।

सूत्रों के हवाले से किए जा रहे नई लहर के ऐसे दावे गलत हैं। एम्स दिल्ली के पूर्व निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने बताया- ‘पहली बात तो यह है कि कोरोना को लेकर मैथेमेटिकल मॉडल कभी भी सही साबित नहीं हुए हैं।