वंदे भारत ट्रेन का राजनांदगांव में पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। यहां पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद संतोष पांडेय ने वंदे भारत ट्रेन का स्वागत किया। इस मौके पर भारी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। वंदे भारत ट्रेन के यहां पहुंचने पर लोगों ने जमकर ढोल बजाए। ट्रेन पर फूल भी बरसाए गए। वंदे भारत ट्रेन शनिवार को छोड़कर बाकी सभी दिनों में चलेगी। ये ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया और नागपुर के बीच चलेगी।
लोगों ने ट्रेन में चढ़कर उसके साथ सेल्फी भी ली। लोगों का उत्साह इस दौरान देखते ही बन रहा था। इससे पहले आज 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये देश की छठी वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन नागपुर से बिलासपुर के बीच चलेगी। इस दौरान लोक कलाकारों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने ढोल भी बजाया।
नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन तक चलेगी। यह यात्रा 6 घंटे में पूरी होगी। इससे पहले, अक्टूबर में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। सरकार का लक्ष्य अगले साल तक 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने का है।
लोग बोले-ये प्लेन का सफर
उधर राजनांदगांव के बाद ट्रेन दुर्ग स्टेंशन पर पहुंची, जहां भाजपा नेताओं समेत तमाम लोगों ने स्वागत किया। भास्कर की टीम ने दुर्ग स्टेशन से भिलाई पावर हाउस तक इस ट्रेन का सफर किया। प्लेन में एयर होस्टेस की तरह इस ट्रेन में लड़कियां मौजूद रहेंगी जो यात्रियों को खाना और नाश्ता पानी देंगी। ट्रेन में सेंसर युक्त दरवाजे लगे हैं। गोंदिया से बिलासपुर जा रहे एक यात्री ने बताया कि इस ट्रेन में बैठकर ऐसा लग रहा है मानो आप हवाई जहाज की यात्रा कर रहे हो। ट्रेन के अंदर का इंटीरियर भी उसी तरह से बनाया गया गया है। मेट्रो की तर्ज पर ट्रेन हर स्टेशन पर बताएगी की आप किस स्टेशन में पहुंचे और अगला स्टेशन क्या आने वाला है। पढ़ें पू्री खबर
देश की सबसे तेज चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के लिए रेलवे ने शेड्यूल जारी कर दिया था। इसमें टिकट रिजर्वेशन भी शनिवार से शुरू हो गया था। IRCTC ने चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए अलग-अलग किराया तय किया है, जो सामान्य ट्रेनों से चार गुना अधिक किराया है। ट्रेन में चेयरकार का बिलासपुर से नागपुर का किराया AC II के बराबर 1070 रुपए तय किया है। वहीं एग्जीक्यूटिव क्लास में बिलासपुर से नागपुर तक सफर तय करने के 2045 रुपए है। इसी तरह वंदेभारत ट्रेन में बिलासपुर से रायपुर तक चेयरकार के लिए 470 और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 905 रुपए किराया तय किया गया है। यात्रियों को बिलासपुर से दुर्ग के लिए 635 और 1155, बिलासपुर से राजनांदगांव के लिए 690 और 1265, बिलासपुर से गोंदिया के लिए 865 और 1620 रुपए खर्च करने होंगे।
रेलवे ने जारी किया शेड्यूल, आज से बुकिंग
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का नियमित परिचालन 12 दिसंबर से शुरू होगा। रेलवे ने टाइम टेबल भी जारी कर दिया है। इस ट्रेन का नंबर 20825/20826 है और 10 दिसंबर से इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है।