प्रदेश में विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी रामायण मंडलियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य स्तरीय रामायण मण्डली प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस दिशा में पूर्व की भांति यह प्रतियोगिता पहले चरण में ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। दूसरे चरण में प्रत्येक ग्राम पंचायत से चयनित रामायणमंडलियों के मध्य जनपद पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित किया जायेगा। हरेक जनपद पंचायत के विजयी रामायण मण्डलियों के बीच जिला स्तर पर प्रतियोगिता होगी और जिले से विजयी हुए रामायण मण्डली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होंगे। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोण्डागांव से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 15 दिसम्बर तक ग्राम पंचायत स्तरीय प्रतियोगिता, 5 जनवरी से 25 जनवरी 2023 तक जनपद पंचायत स्तरीय स्पर्धा तथा 27 जनवरी से 3 फरवरी 2023 तक जिला स्तरीय प्रतियोगिता और 16 फरवरी से 18 फरवरी 2023 तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा इस सम्बंध में जारी दिशा-निर्देश के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी दलों यथा प्रथम को 5 लाख रुपये, द्वितीय को 3 लाख रुपये और तृतीय को 2 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। उक्त सभी स्तर पर रामायण मण्डलियों के प्रतियोगिता आयोजित किये जाने के निर्देश सर्व सम्बंधित अधिकारियों को दिये गये हैं।