कोरोना के बाद से विदेश जाने वालों की संख्या अब बढ़ने लगी है। इस साल के पहले 11 महीने में ही 1344 लोगों ने पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया है। इनमें से 1289 लोगों का पुलिस वेरिफिकेशन भी हो गया है, केवल 55 लोगों का प्रकरण अभी लंबित है।
इस वर्ष पुलिस वेरिफिकेशन करने वालों को सहूलियत हुई है क्योंकि पहले सप्ताह में एक दिन ही वेरिफिकेशन होता है, अब इसमें बदलाव करते हुए रोज ही आवेदकों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है, साथ ही एसपी खुद अपने चैंबर में बुलाकर आवेदकों की जानकारी लेकर वेरिफिकेशन करते हैं, इसमें गलत आदमी को पासपोर्ट जारी होने की संभावना खत्म हो जाती है।
दो साल कोरोना के दहशत में बिताने के बाद लोगों का मन अब धार्मिक यात्राओं के लिए भी बढ़ा और विदेशों की सैर के लिए भी लोग जाने लगे हैं। विदेश जाने वालों में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल है। पूंजीपति लोग न केवल स्वयं बल्कि परिवार के साथ यात्रा कर रहे हैं, तो आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति अपने बच्चों को विदेशों में पढ़ा रहे हैं, इनके अलावा हज की यात्रा पर जाने वालों की संख्या भी बढ़ी है। विदेश ले जाने वाले टूर एंड ट्रेवल्स भी बढ़ गए हैं।
साथ ही नवविवाहित जोड़ों का भी भी विदेश जाने का प्रचलन बढ़ा है। इसके अलावा जिले में लगे प्लांटों से भी विदेशियों का आना जाना होता है, इसकी वजह से पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या भी बढ़ी है। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार औसतन 100 से अधिक लोग पासपोर्ट बनवाने वेरिफिकेशन के लिए थानाें में आवेदन कर रहे हैं।
चांपा थाना क्षेत्र में सबसे अधिक आवेदन, जांजगीर दूसरे नंबर पर
पासपोर्ट बनवाने वालों की संख्या इस साल सबसे अधिक चांपा थाना क्षेत्र में है। इस साल पहले 11 माह में 211 लोगों ने आवेदन किया है, जिसमें 205 का वेरिफिकेशन हो चुका है, मात्र 6 लोगों का अभी लंबित है। पासपोर्ट बनवाने वालों में दूसरे नंबर पर जिला मुख्यालय जांजगीर है, यहां 206 लोगों ने आवेदन किया है, यहां भी केवल 6 लोगों का आवेदन लंबित है। तीसरे नंबर पर नवगठित जिला सक्ती है, यहां 165 लोगों ने आवेदन किया है, जिसमें से 153 लोगों का वेरिफिकेशन क्लियर है, किंतु दोनाें जिलों में सर्वाधिक 12 आवेदन जिला के लंबित हैं। अकलतरा थाना क्षेत्र में 131 ने आवेदन किया है, सबका क्लियर हो गया वहीं शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में 109 लोगों ने आवेदन किया जिसमें केवल 1 प्रकरण लंबित है।
ये है पासपोर्ट बनवाने के लिए प्रक्रिया- पासपोर्ट के लिए आवेदन पासपोर्ट सेवा वेबसाइट या पासपोर्ट सेवा केन्द्र में जाकर आवेदन करना होता है। ऑनलाइन आवेदन में आवेदक को व्यक्तिगत जानकारी के साथ रजिस्ट्रेशन करना होता है। जानकारी वेबसाइट में दर्ज करने के बाद शुल्क जमा करने पर टोकन नंबर जनरेट होता है। पासपोर्ट सेवा केन्द्र में दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया होती है। आवेदक से बॉयोमेट्रिक डिटेल्स भी सेवा केंद्र में ली जाती है। दस्तावेज संबंधित थाना क्षेत्रों में जाता है, फिर आवेदक को बुलाया जाता है।
जांच के बाद ही पुलिस वेरिफिकेशन करते हैं
इस साल विदेश जाने वालों की संख्या बढ़ी है, लोग अपने बच्चों को पढ़ाने, हज, परिवार के साथ यात्रा करने के लिए भी पासपोर्ट बनवा रहे हैं। पासपोर्ट बनवाने वालों का वेरिफिकेशन करने के लिए उन्हें बुलाया जाता है। जांच के बाद ही पुलिस वेरिफिकेशन किया जाता है। पहले एक दिन ही वेरिफिकेशन होता था, अब लगभग रोज की किया जाता है।
विजय अग्रवाल, एसपी, जांजगीर-चांपा



