Home छतीसगढ़ नया मास्टर प्लान:शहरी विकास, कवर्धा निवेश क्षेत्र से जुड़ेंगे 11 गांव, दो...

नया मास्टर प्लान:शहरी विकास, कवर्धा निवेश क्षेत्र से जुड़ेंगे 11 गांव, दो बायपास रोड व 4 इंडस्ट्रियल एरिया का प्रस्ताव

14
0

कवर्धा शहर की आबादी अगले 10 साल में 1.20 लाख तक होने का अनुमान है। इसके मुताबिक शहर के डेवलपमेंट (विकास) का खाका तैयार किया जा रहा है। ट्रैफिक जाम और रिहायशी एरिया की कमी से जूझना न पड़े, इसके मद्देनजर नगर एवं ग्राम निवेश विभाग ने मास्टर प्लान 2031 का ड्राफ्ट तैयार किया है।

नए मास्टर प्लान के मुताबिक कवर्धा निवेश क्षेत्र में 11 गांव जुड़ेंगे। इनके जुड़ने से निवेश का क्षेत्रफल 4474.20 हेक्टेयर हो जाएगा। वहीं साल 2031 तक कुल आबादी 1.50 लाख हो जाएगी। आबादी का विस्तार होने से कवर्धा शहर में विकास कार्यों के लिए जगह नहीं है। ऐसे में कवर्धा के लिए जो नए प्रोजेक्ट स्वीकृत होंगे, वे निवेश क्षेत्र में शामिल गांवों में ही बनेंगे। इससे इन गांवों का विकास होगा। यही कारण है कि कवर्धा के मास्टर प्लान में प्रस्तावित दो नई बायपास सड़क इन्हीं गांवों से होकर गुजरेंगी। वहीं प्रस्तावित 4 इंडस्ट्रियल एरिया भी इन्हीं गांवों में बनेंगे। निवेश क्षेत्र में शामिल गांवों में टैक्स का प्रावधान नहीं है।

मानचित्र का प्रकाशन हुआ, 3 महीने में लागू होगा प्लान
नगर पालिका भवन में मंगलवार को नए मास्टर प्लान के मानचित्र का प्रकाशन हुआ। इस दौरान नपाध्यक्ष ऋषि कुमार शर्मा, एसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, संबंधित पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे। मानचित्र के अवलोकन, दावा- आपत्ति व सुझाव के लिए 30 दिन का समय है। फिर जिला विकास योजना समिति इसकी सुनवाई कर इसे राजपत्र में प्रकाशन के लिए शासन को भेजेंगे। आगामी 90 दिन यानी 3 महीने की भीतर प्लान प्लान लागू हो जाएगी।

मास्टर प्लान: ये गांव शामिल
मास्टर प्लान 2031 में नेवारी, जोराताल, सैगोना, घोठिया, खुंटू, तालपुर, समनापुर, छिरहा, झलका, भागूटोला और जेवड़न कला को शामिल किया है। 2011 की जनगणना के अनुसार इन गांवों की कुल आबादी 58887 है। 10 साल में आबादी बढ़कर 97500 होने का अनुमान है।

आवास: 40% भूमि रिजर्व
निवेश का क्षेत्रफल 4474.20 हेक्टेयर होगा। इसमें आवासीय के लिए 48%, वाणिज्यिक के लिए 6%, औद्योगिक के लिए 7, सार्वजनिक व अर्द्ध सार्वजनिक के लिए 8% भूमि रिजर्व है। खास बात यह है कि अधोसंरचना के क्रियान्वयन में 425.66 करोड़ लागत आएगी।

चार दिशाओं से समझिए कवर्धा के विकास की प्लानिंग

  • उत्तर दिशा- छिरहा में एनएच- 30 से खुंटू, नेवारी होते जोराताल तक बायपास रोड: उत्तर में कवर्धा निवेश क्षेत्र की सीमा सैगोना, तालपुर, जोराताल से नेवारी की उत्तरी सीमा तक है। मास्टर प्लान के तहत ग्राम छिरहा में एनएच- 30 से खुंटू, नेवारी होते हुए जोराताल तक बायपास रोड प्रस्तावित है। इसकी लंबाई करीब 10 किमी और चौड़ाई 45 मीटर की होगी। इससे भारी वाहन शहर के आउटर से निकलेंगे।
  • दक्षिण दिशा- एनएच- 30 से स्टेट हाइवे- 05 तक बायपास रोड: निवेश क्षेत्र की दक्षिण सीमा का विस्तार ग्राम जेवड़न कला, भागूटोला, छिरहा और झलका की दक्षिण सीमा तक है। नेशनल हाइवे- 30 पर चंद्रायन हॉस्पिटल के पास से होते हुए झलका से भागूटोला में स्टेट हाइवे- 05 तक दूसरी बायपास रोड बनेगी। इस बायपास सड़क की चौड़ाई भी 45 मीटर रहेगी।
  • पूर्व दिशा- छिरहा में लैंडयूज के हिसाब से होंगे डेवलपमेंट: पूर्व में कवर्धा निवेश क्षेत्र का विस्तार ग्राम नेवारी, खुंटू, छिरहा और झलका की पूर्वी सीमा तक है। इस क्षेत्र में 3 जगहों पर इंडस्ट्रियल एरिया का प्रस्ताव हैं। इनमें से दो इंडस्ट्रियल एरिया प्रस्तावित बायपास रोड के नजदीक रहेगा। प्रस्तावित जगहों पर एक साथ गुड़ फैक्ट्री संचालित हो सकेंगे। ताकि शहर के भीतर प्रदूषण न हों।
  • पश्चिम दिशा- लैंड यूज के हिसाब से विकास की अनुमति: पश्चिम में कवर्धा निवेश क्षेत्र का विस्तार ग्राम जेवड़न कला, कवर्धा, सैगाेना, समनापुर और तालपुर की पश्चिमी सीमा तक है। सुनियोजित तरीके से विकास के लिए भूमि उपयोग (लैंड यूज) के हिसाब से निर्माण की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा बस स्टैंड, सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भूमि उपयोग तय किया गया है।