Home छतीसगढ़ गोधन न्याय योजना:एप में एंट्री के लिए दिया गया प्रशिक्षण, पहले पंचायत...

गोधन न्याय योजना:एप में एंट्री के लिए दिया गया प्रशिक्षण, पहले पंचायत के माध्यम से हो रही थी खरीदी, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

11
0

जनपद में शनिवार को गोधन न्याय योजना के तहत प्रशिक्षण हुआ। जहां गुरुर विकासखंड के गौठानों में कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। गांव के गौठानों में पहले पंचायत के माध्यम से गोबर खरीदी किया जा रहा था। लेकिन अब गोबर खरीदी के लिए महिला समूह को जिम्मेदारी दी जाएगी। गौठानों में गोबर खरीदी के संबंध में महिला समूह ही ऑनलाइन एंट्री करेगी, जिसके लिए एप तैयार किया गया है।

प्रशिक्षण में महिलाओं को स्मार्ट फोन में गोधन न्याय योजना एप को डाउनलोड करने, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से आईडी तथा पासवर्ड बनाने के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण में विधायक संगीता सिन्हा ने बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं अब घरेलू कार्य के साथ आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी से अपनी सहभागिता बढ़ा रही हैं, गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गौठानों में संचालित आय मूलक गतिविधियों में ग्रामीण महिलाएं आर्थिक सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं।

गोबर विक्रेता का पंजीयन करना होगा: सीईओ राजेंद्र
जनपद सीईओ राजेंद्र पडोती ने प्रशिक्षण में महिला समूह को बताया कि एप को लॉगिन करने के बाद विकल्प गोबर विक्रेता का पंजीयन, गोबर विक्रेता की सूची, गोबर खरीदी की जानकारी सहज और सरल तरीके से दी गई है, इसके साथ ही प्रशिक्षण में बताया गया कि यदि किसी गोबर विक्रेता का पैसा नहीं आया है, तो सक्रिय महिलाएं यह चेक कर सकती है कि तकनीकी खामी, खाता नंबर या आईएफ एससी कोड गलत होने से पैसा नहीं आया है। महिलाएं ऑनलाइन एप के माध्यम से गोबर खरीदी की ऑनलाइन एंट्री करेंगी।

प्रशिक्षण के संबंध में कोई भी जानकारी ही नहीं दी
जनपद पंचायत गुरूर के सभाकक्ष में हुए प्रशिक्षण अब किरकिरी होने लगी है। यहां अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति सहित सदस्यों को जानकारी दिए बिना ही गोधन न्याय योजना से संबंधित प्रशिक्षण करा लिया गया। इस पर सभी ने सीईओ के प्रति नाराजगी जाहिर की है। जनपद पंचायत गुरूर के अध्यक्ष प्रभात ध्रुवे ने कहा कि प्रशिक्षण के संबंध में किसी ने सूचना ही नहीं दिया, प्रशिक्षण संपन्न होने के बाद ही इस तरह जानकारी मिली। शासन की योजना से संबंधित कार्यक्रम से हमें दूर रखा जा रहा है, यह अनुचित है।