न्यायधानी बिलासपुर में प्राइवेट संस्थान में काम करने वाला मैनेजर 5 लाख 68 हजार रुपए की उठाईगिरी का शिकार हो गया। मैनेजर बैंक से पैसे निकालकर जा रहा था। रास्ते में वह जूस पीने के लिए रूका। तभी वहां बाइक सवार दो युवक आए और उसके कपड़े में कीड़े होने का झांसा दिया। मैनेजर ने जैसे ही अपना बैग उतार कर कीड़े में उलझा, तब तक बाइक सवार बदमाश उसका बैग उठाकर भाग निकले। इस घटना के दौरान पुलिस अफसर और जवान VVIP ड्यूटी में व्यस्त रहे, जिसके चलते अभी तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका है।
दुर्ग, भिलाई के बाद बिलासपुर में उठाईगिरी की एक जैसी घटना सामने आई है। पुलिस को किसी एक ही गिरोह पर इन वारदातों को अंजाम देने का शक है। बिलासपुर में मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस की माने तो जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
व्यापार विहार स्थित राधेश्याम इंटरप्राइजेस में विक्की पैगवार मैनेजर हैं। वह संस्थान के बाहरी लेनदेन और बैंक संबंधित काम देखता है। शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे मैनेजर विक्की सेंट्रल बैंक में रुपए निकालने गया था। बैंक से उसने चार लाख रुपए निकलवाए। इसके बाद वह तितली चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक गया। वहां भी उसने एक लाख 68 हजार रुपए निकलवाया। रुपयों को बैग में रखकर वह सिरगिट्टी तरफ जाने के लिए निकला था।
जूस पीने के लिए रूकना पड़ गया महंगा
रुपयों को बैग में रखकर मैनेजर विक्की सिरगिट्टी तरफ जाने के लिए निकला था। तभी तोरवा के रेलवे परिक्षेत्र स्थति बंगाली स्कूल के पास वह जूस पीने के लिए रूक गया। ऑर्डर देकर वह अभी इंतजार करते खड़ा था। तभी वहां एक युवक पहुंचा। उसने मैनेजर के कपड़ों में कीड़े होने की बात कही। उसकी बातों को सुनकर मैनेजर ने कंधे से बैग उताकर बाइक की सीट पर रख दिया। इतने में बाइक सवार दो युवक आए और बैग लेकर भाग गए।
4 युवकों के शामिल होने की आशंका
बताया जा रहा है कि जिस तरीके से एक युवक ने मैनेजर को उसके कपड़ों में कीड़े लगने की बात कही और उसे उलझाए रखा। इसी बीच बाइक सवार दो युवक उसकी बैग लेकर भाग गए। इसके बाद युवक भी भाग गया। ऐसे में मैनेजर ने आशंका जताई है कि इस वारदात में चार लोग शामिल हैं।



