Home छतीसगढ़ भिलाई में आतिशबाजी के बीच रावण दहन:पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने रिमोट दबाकर...

भिलाई में आतिशबाजी के बीच रावण दहन:पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने रिमोट दबाकर किया बुराई का अंत;20 हजार से अधिक लोगों की लगी भीड़

15
0

दशहरा उत्सव में टाउनशिप का पूरा आकाश रंगीन आतिशबाजी से छा गया। यहां 3 किलोमीटर के दायरे तीन बड़े रावण दहन के कार्यक्रम थे। तीनों में कार्यक्रम की आतिशबाजी से कई घंटे तक आकाश में रंगीन लाइट दिखती रही। सबसे बड़ा और खास कार्यक्रम सेक्टर 7 का रहा। यहां एक और कामेडियन जिमी मोजस ने लोगों को खूब हंसाया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने देर रात 11 बजे रिमोट दबाकर रावण के पुतले का दहन किया।

दुर्ग जिले में सबसे बड़े रावण का पुतला सेक्टर-7 मैदान में तैयार किया गया था। यहां रावण दहन कार्यक्रम को देखने दुर्ग जिला संभाग तो दूर दूसरे राज्यों से लोग आए थे। उड़ीसा से गौतम स्वांई का परिवार सिर्फ भिलाई का दशहरा कार्यक्रम देखने यहां पहुंचा था। गौतम ने बताया कि वो लोग गोरखपुर उड़ीसा से दशहरा देखने आए हैं। उन्होंने सुन रखा था कि यहां का रावण दहन पूरे भारत में सबसे खास और अच्छा होता है।

20 हजार से अधिक लोगों की थी भीड़
सेक्टर 7 में दशहरा उत्सव का आयोजन काफी भव्य रूप से मनाया गया। यहां 20 हजार से अधिक लोग दशहरा देखने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसके लिए लोगों को अलग-अलग कटेगरी में पास बांटे गए थे। उसी के मुताबिक उनके बैठने की व्यवस्था की गई थी। आयोजन समिति द्वारा बनाए गए गेस्ट, वीवीआईपी और वीआईपी गैलरी लोगों से खचाखच भरी थी। इसके साथ ही पूरा खाली मैदान लोगों से भरा था।

दुर्ग भिलाई में अन्य कई जगहों पर हुआ आयोजन
सेक्टर 7 के साथ-साथ दुर्ग जिले के भिलाई टाउनशिप में जयंती स्टेडियम में शाही दशहरा का आयोजन किया गया। यहां भी बड़ी संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचे। इसके अलावा सेक्टर 6, कुम्हारी में महामाया मंदिर परिसर में, शांति नगर में, रिसाली दशहरा मैदान में, बैगापारा दुर्ग में, बैकुंठधाम कैंप में, कुटेलाभाठा क्षेत्र में और भिलाई तीन में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।