Home छतीसगढ़ नवरात्रि के पहले दिन से सजा मां का दरबार:दंतेश्वरी मंदिर में 10...

नवरात्रि के पहले दिन से सजा मां का दरबार:दंतेश्वरी मंदिर में 10 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित; 9 दिन लाखों की संख्या में पहुंचेंगे भक्त

8
0

आज से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई है। दंतेवाड़ा में स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी की पहले दिन विशेष पूजा अर्चना की गई। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस साल 9 दिनों तक लाखों की संख्या में भक्त देवी मां के दरबार में पहुंचेंगे।

VIP दर्शन की व्यवस्था

माता के दरबार में इस साल करीब 10 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। मंदिर समिति की मानें तो इस साल VIP दर्शन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए भक्त 2100 रुपए की रसीद लेकर गर्भगृह तक प्रवेश कर सकते हैं। इसमें 1 परिवार के 4 सदस्यों समेत 2 बच्चे शामिल हो सकते हैं। इधर, अन्य जो भी भक्त माता के दरबार पहुंचेंगे उन्हें गर्भगृह से पहले ही रोक दिया जाएगा। वे गणेश जी की मूर्ति के पास से ही माता के दर्शन कर सकते हैं।आज पहले दिन से ही VIP दर्शन की शुरुआत हो जाएगी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

मां दंतेश्वरी परिसर के मेनका डोबरा मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। इसमें 26 तारीख से 4 अक्टूबर तक रायपुर से लेकर रायगढ़ और दंतेवाड़ा के स्थानीय म्यूजिकल ग्रुप अलग-अलग दिन जगराता करेंगे। स्कूली बच्चों के कार्यक्रम भी प्रस्तुति होंगे। कोरोना के बाद से यह पहला ऐसा मौका होगा जब इस तरह का भव्य आयोजन किया जा रहा है।

पदयात्रियों के लिए सुविधा केंद्र

प्रशासन ने इस साल पद यात्रियों के लिए भी इंतजाम किए हैं। इस साल जिले में बीजापुर, जगदलपुर और सुकमा-बचेली की तरफ से मंदिर तक आने वाले मार्गों में लगभग 12 से 15 सुविधा केंद्र और पंडाल बनाए गए हैं। यहां मेडिकल से लेकर भोजन तक की व्यवस्था की गई है। इसमें समिति के सदस्यों का बड़ा योगदान मिल रहा है। इधर, मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर जय स्तंभ चौक तक रंगीन झालरों से माता का दरबार सजाया गया है, जो आकर्षण का केंद्र है।

कोरोना की वजह से दो साल से नवरात्रि पर मंदिर में भक्तों की भीड़ नहीं जुटने दी जा रही थी। हालात सामान्य होने पर अनुमान लगाया जा रहा है कि, इस साल भक्तों की संख्या दोगुनी हो सकती है। भक्तों की आस्था का ख्याल रखते हुए मंदिर में बेहतर इंतजाम भी किए गए हैं।