Home छतीसगढ़ उल्टी-दस्त का प्रकोप, 20 और मरीज मिले:दंतेवाड़ा में 2 दिन में लगातार...

उल्टी-दस्त का प्रकोप, 20 और मरीज मिले:दंतेवाड़ा में 2 दिन में लगातार केस बढ़े, 3 दिन तक होगी जांच; दूसरे गांव में भी लोग बीमार

17
0

छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा जिले के बड़े गुडरा गांव में उल्टी-दस्त का प्रकोप बढ़ गया है। शुक्रवार को भी यहां 20 से ज्यादा उल्टी-दस्त के मरीज मिले हैं। इस गांव में पिछले 2 दिनों में ही उल्टी-दस्त के करीब 40 से ज्यादा मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम आज भी गांव में ही है। अभी ग्रामीणों की जांच चल रही है। यह संख्या बढ़ भी सकती है। इससे पहले गुरुवार को भी करीब 20 मरीज मिले थे। इस बीमारी से अब तक 2 ग्रामीणों की मौत भी हो चुकी है। यहां के अधिकांश घरों में ग्रामीण बीमार हैं।

दरसअल, शुक्रवार को जिला अस्पताल से डॉ संजय बघेल, डॉ देश दीपक अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। इन दोनों डॉक्टर्स ने कई घरों में पहुंच ग्रामीणों का इलाज किया। शुक्रवार को 40 ग्रामीणों की जांच हुई। इनमें करीब 20 ग्रामीण उल्टी, दस्त, सिर दर्द, बुखार से पीड़ित मिले। 8 ग्रामीणों की हालत खराब थी। इनमें से 5 ग्रामीणों को जिला अस्पताल जबकि 3 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुआकोंडा में भर्ती कराया गया है।

इधर, यह बीमारी आखिर गांव में किस वजह से फैली इसके कारणों की जांच करने भी टीम जुट गई है। बताया जा रहा है अभी 3 दिन लगातार इस गांव में शिविर लगाकर ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच होगी।

विधायक भी पहुंचीं, मंत्री को फोन कर दी जानकारी

बड़े गुडरा गांव में बीमारी के प्रकोप की जानकारी मिलते ही विधायक देवती कर्मा और अवधेश गौतम भी गांव पहुंचे। यहां ग्रामीणों से मुलाकात कर जानकारी ली। विधायक ने भी स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को फोन कर जानकारी दी और हालात बताए।

मारजूम में भी बीमारी की खबरटीम रवाना

इधर, कटेकल्याण ब्लॉक के धुर नक्सल प्रभावित गांव मारजूम में भी उल्टी-दस्त से ग्रामीणों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली है। शुक्रवार को इसकी खबर अफसरों को मिलते ही जिला औए ब्लॉक स्तर से टीम बनाकर रवाना किया गया है। दरअसल यह पहुंचविहीन गांव है। यहां भी सुविधाओं का अभाव है। फिलहाल इस गांव में कुल कितने लोग बीमार हैं यह अभी स्पष्ट नहीं है।