छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव गुरुवार को जगदलपुर प्रवास पर रहे। वे यहां डिमरापाल के मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। यहीं से उन्होंने बस्तर वासियों को लगभग 12 करोड़ 65 लाख रुपए के 14 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 7 करोड़ 35 लाख रुपए के 8 कार्यों का भूमिपूजन और 5 करोड़ 30 लाख रुपए के 6 कार्यों का लोकार्पण किया है। इसमें मेडिकल कॉलेज परिसर में डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला ट्रामा सेंटर भी शामिल है।
टीएस सिंहदेव रायपुर से जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे सीधे डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के लिए रवाना हुए। मेडिकल कॉलेज का जायजा लेकर यहां उन्होंने ऑपरेशन थियेटर, डेंगू वार्ड, नवजात शिशु वार्ड, गहन चिकित्सा कक्ष का अवलोकन कर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने मरीजों का हाल जाना। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मॉडल वैक्सीनेशन कक्ष का भी शुभारंभ किया।



