Home छतीसगढ़ अब मंत्री-विधायकों के घर जाएंगे हड़ताली कर्मचारी:मशाल रैली निकालकर मांगा न्याय, हड़ताल...

अब मंत्री-विधायकों के घर जाएंगे हड़ताली कर्मचारी:मशाल रैली निकालकर मांगा न्याय, हड़ताल को BJP का भी समर्थन

12
0

छत्तीसगढ़ में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल बढ़ती दिख रही है। गुरुवार शाम प्रदेश भर के जिला और ब्लॉक मुख्यालयों पर कर्मचारियों ने मशाल रैली निकाली। कर्मचारी नारेबाजी करते हुए सरकार से न्याय की मांग कर रहे थे। अब 26 अगस्त को कर्मचारी बाइक रैली निकालकर मंत्रियों-विधायकों के घर जाने की तैयारी में हैं। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने आंदोलन के मंच पर पहुंचकर हड़ताल को पार्टी का पूरा समर्थन देने की घोषणा कर दी है।

रायपुर में बूढ़ातालाब स्थित धरना स्थल पर चार दिनों से बैठे कर्मचारी संगठनों ने शाम को मशाल रैली निकाली। कर्मचारियों ने मशाल लेकर नारेबाजी शुरू की। वे लोग नगर निगम की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने श्याम टाकिज के पास उन्हें रोक लिया। उसके बाद कर्मचारी नारेबाजी करते हुए सड़क की दूसरी तरफ से वापस धरना स्थल लौट गए। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रवक्ता चंद्रशेखर तिवारी ने बताया, फेडरेशन के प्रांतीय निकाय ने यह फैसला किया है कि 26 अगस्त को कांग्रेस के मंत्री, विधायक, सांसद, निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्षों, महापौर एवं अध्यक्ष के साथ ही मंत्री दर्जा प्राप्त नेताओं को मांगपत्र पहुंचाया जाए। इसके लिए जिला, ब्लॉक और तहसील मुख्यालयों के धरना स्थल से उन नेताओं के निवास तक कर्मचारी न्याय रैली के तहत बाइक रैली लेकर जाएंगे। उन्हें मांगपत्र सौंपकर सहयोग मांगा जाएगा। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि गुरुवार को कुछ और नए संगठन हड़ताल में शामिल हो गए हैं। कर्मचारियों की यह अनिश्चितकालीन हड़ताल 22 अगस्त से शुरू हुई है।