Home छतीसगढ़ सरकारी अंग्रेजी काॅलेजों की घोषणा के बाद:रायपुर के संस्कृत काॅलेज में अब...

सरकारी अंग्रेजी काॅलेजों की घोषणा के बाद:रायपुर के संस्कृत काॅलेज में अब इंग्लिश में भी पढ़ाई; ओशो भी रह चुके हैं इस कॉलेज में अध्यापक

13
0

राजधानी का संस्कृत कॉलेज प्रदेश में अकेला है जहां संस्कृत में वेद, व्याकरण, संस्कृत साहित्य, ज्योतिष की पढ़ाई पूरी तरह संस्कृत में हो रही है। हालत में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आत्मानंद स्कूलों की तरह प्रदेश में अगले सत्र से 10 नए सरकारी अंग्रेजी कालेज खोलने की घोषणा की है।

इसके हफ्तेभर के भीतर ही संस्कृत कालेज ने इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई के आवेदन जारी कर दिए हैं। यहां बीए की पढ़ाई इंग्लिश मीडियम में होगी। फर्स्ट ईयर की 60 सीटों में दाखिले के लिए पहली लिस्ट भी जारी हो गई, यानी अंग्रेजी में पढ़ाई इसी सेशन से की जाएगी। माना जा रहा है कि इस कालेज का अंग्रेजी मीडियम के लिए चयन सरकारी तौर पर कर लिया गया है। अगले साल से यहां कुछ और कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।

इस कालेज में बीए की पढ़ाई इंग्लिश मीडियम से इसी सत्र यानी 2022-23 से ही शुरू होगी। अफसरों का कहना है कि इस साल अंग्रेजी में सिर्फ बीए प्रथम वर्ष के साथ शुरुआत होगी। हालांकि, संस्कृत कॉलेज में इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई शुरू होने को लेकर कई सवाल भी उठने लगे हैं।

जानकारों का कहना है कि राज्य में यह इकलौता सरकारी कॉलेज है। 1955 में स्थापना हुई। यानी यह पुराने कॉलेजों में से एक है। इसके बाद भी यहां इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई शुरू की जा रही है। अभी बीए से शुरुआत हुई है।

आने वाले वर्षों में कोर्स बढ़ेंगे इससे कॉलेज की गरिमा खत्म हो जाएगी। शासन को किसी दूसरे कॉलेज में इंग्लिश मीडियम की शुरुआत करनी चाहिए।

ओशो रह चुके हैं अध्यापक
रायपुर के संस्कृत कालेज की एक पहचान यह भी है कि यहां प्रसिद्ध दार्शनिक ओशो भी अध्यापक रह चुके हैं। यहां की लाइब्रेरी काफी समृद्ध है। यहां में वेद, पुराण, ज्योतिष, उपनिषद समेत करीब 31 हजार किताबें हैं। इसमें से 1047 हस्तलिखित किताबें हैं। जानकारी के मुताबिक वेद, पुराण, ज्योतिष, उपनिषद समेत अन्य से संबंधित इतनी अधिक हस्तलिखित किताबें राज्य कि किसी अन्य लाइब्रेरी में नहीं हैं।

आत्मानंद स्कूल जैसे ही
स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल की तर्ज पर राज्य में 10 सरकारी इंग्लिश मॉडल कॉलेज खोलने की तैयारी की जा रही है। कुछ दिन पहले शासन ने इसकी घोषणा की। संस्कृत कॉलेज में शुरू की इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है। अफसरों का कहना है कि संस्कृत कॉलेज के अलावा राजधानी में एक और सरकारी कॉलेज में इंग्लिश मीडियम में पढ़ाई शुरू होगी।

अभी कॉलेज में बीए-एमए क्लासिक्स की पढ़ाई
अभी संस्कृत कॉलेज में बीए क्लासिक्स व एमए क्लासिक्स की पढ़ाई होती है। इसके तहत वेद, व्याकरण, ज्योतिष, संस्कृत साहित्य, सामान्य संस्कृत जैसे विषय है। इसके अलावा आधुनिक विषयों में अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास, हिंदी व अंग्रेजी विषय की पढ़ाई होती है।

अब बीए में इंग्लिश मीडियम में भी पढ़ाई होगी। अफसरों का कहना है कि इंग्लिश मीडियम में अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास समेत अन्य विषय पढ़ाए जाएंगे। अभी जो शिक्षक हैं वे ही क्लास लेंगे। इंग्लिश मीडियम के लिए अलग से कक्षाएं लगेंगी।