छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की दुर्ग जिले की कानून व्यवस्था को लेकर रिव्यू मीटिंग शुरू हो गई है। गृहमंत्री शनिवार दोपहर 3.30 बजे कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां स्थित सभागार में उनकी बैठक चल रही है। बैठक के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामले को लेकर गृहमंत्री ने नाराजगी जताई है। उन्होंने PWD के ईई अशोक श्रीवास और दुर्ग निगम आयुक्त को भी बुलवाया और व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर निर्देश दिए हैं।
बैठक में आईजी दुर्ग बीएन मीणा, एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव, एएसपी सिटी संजय ध्रुव, एएसपी ट्रैफिक विश्वास चंद्राकर, एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार सहित सभी सीएसपी, एसडीओपी और थानों के टीआई मौजूद हैं। बैठक के दौरान गृह मंत्री का तीखा तेवर देखने को मिला है। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों को जमकर फटकारा। गृहमंत्री ने एसपी दुर्ग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि बैठक के बाद उनके निर्देश को हल्के में न लिया जाए। कल यानी रविवार से ही उन्हें ग्राउंड पर काम दिखना चाहिए। गृह मंत्री ने जिले के सभी ब्लैक स्पॉट की जानकारी लेकर उन्हें सुधारने के लिए क्या किया जाए इसकी रिपोर्ट मांगी है।
पीडब्ल्यूडी और निगम के अधिकारियों को तालमेल बनाने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान गृहमंत्री ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारियों को भी बुलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए पुलिस, पीडब्ल्यूडी और निगम तीनों विभाग मिलकर कार्य करें। ऐसी योजना बनाएं कि जिले में सड़क दुर्घटना को कैसे रोका जाए। इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को एनएच व अन्य सड़कों की खस्ता हालत को लेकर भी फटकार लगाई और उन्हें जल्द ठीक करने के निर्देश दिए। दुर्ग जिले की रिव्यू मीटिंग से पहले गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने रायपुर जिले की कानून व्यवस्था को लेकर रिव्यू मीटिंग ली। रायपुर की बैठक लेने के बाद उन्होंने दुर्ग जिले की बैठक ली है।



