छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस ने एक हार्डकोर महिला माओवादी सुखमति कुमेटी उर्फ रीमा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला माओवादी पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सर्चिंग पर निकले जवानों ने घेराबंदी कर माओवादी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सुखमति वर्तमान में नक्सलियों की कंपनी नंबर 6 में सक्रिय थी। कई बड़े लीडरों के साथ काम कर चुकी है। साथ ही कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रही है। मामला जिले के ओरछा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ओरछा से जिला बल एवं DRG की संयुक्त पुलिस पार्टी कोडोली, आदेरबेड़ा, मुसनार, कावानार की ओर एरिया डोमिनेशन के लिए निकली थी। इसी बीच कुछ युवक-युवती जवानों को देखकर जंगल की तरफ भाग रहे थे। पुलिस को उनपर शक हुआ। फिर घेराबंदी कर एक युवती को पकड़ा गया। पुछताछ करने पर युवती ने अपना नाम सुखमति बताया। पुलिस ने जब फाइल खंगाली तो इसकी पहचान 8 लाख की माओवादी के रूप में हुई। जिसके खिलाफ जिले के थानों में कई नामजद FIR दर्ज है। महिला माओवादी को गिरफ्तार करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
इन घटनाओं में थी शामिल
गिरफ्तार माओवादी सुखमति अप्रैल 2022 में ओरछा के साप्ताहिक बाजार में प्रधान आरक्षक रामप्रसाद के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर घायल करने एवं एक इंसास रायफल लूटने की घटना में शामिल थी।
नवंबर 2020 को कड़ेनार, चिकपाल के पास IED लगाकर विस्फोट करने की घटना में शामिल थी। जिसमें ITBP का 1 जवान घायल हुआ था।
मई 2021 में अमदईघाटी में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने IED लगाई थी।
मई 2021 में चिकपाल पुलिया के पास IED लगाई थी।
जुलाई 2021 में अमदईघाटी में मुठभेड़ की घटना में शामिल थी, जिसमें ITBP का 1 जवान शहीद एवं 1 जवान घायल हुआ था।