छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि, इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में कई नक्सली मारे गए हैं। भारी मात्रा में जवानों ने नक्सल सामान भी बरामद किया है। हालांकि, नक्सलियों के मारे जाने की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल जवान मौके पर ही मौजूद हैं। दोनों तरफ से फायरिंग रुक गई है और जवान इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं। मामला जिले ले गोलापल्ली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक गोल्लापल्ली के जंगलों में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी होने की सूचना जवानों को मिली थी। इसी सूचना के आधार पर डीआरजी और सीआरपीएफ के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। जब जवान मौके पर पहुंचे, माओवादियों ने उन्हें देखकर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने मोर्चा संभाला और नक्सलियों की गोलियों का मुंह तोड़ जवाब दिया। सूत्रों की माने तो लगभग 15 से 20 मिनट तक मुठभेड़ चली है।
जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा लेकर भाग गए हैं। घटनास्थल की सर्चिंग की जा रही है। कई जगह खून के धब्बे के भी निशान मिले हैं। जिसे देख अनुमान लगाया जा रहा है कि कई नक्सली मारे गए हैं। फिलहाल घटना स्थल की सर्चिंग जारी है। नक्सल प्रभावित इलाका होने की वजह से ज्यादा जानकारी निकलकर सामने नहीं आ सकी है।