Home छतीसगढ़ तिरंगामय हुआ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:3,600 फीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, तो कहीं स्वतंत्रता...

तिरंगामय हुआ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:3,600 फीट की ऊंचाई पर लहराया तिरंगा, तो कहीं स्वतंत्रता दौड़ में दिखा युवाओं का उत्साह, मुस्लिम समाज ने भी निकाली यात्रा

6
0

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ का गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला भी तिरंगामय हो गया है। कहीं तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, तो कहीं स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन हो रहा है। वहीं यहां 3600 फीट की ऊंचाई पर भी तिरंगा लहराया गया है। सभी एक-दूसरे से घर में तिरंगा लगाने की अपील कर रहे हैं।

3,600 फीट की ऊंचाई पर जिले के सबसे ऊंचे स्थान राजमेरगढ़ की पहाड़ियों पर तिरंगा लहराया गया। गौरेला नगर पंचायत की उपाध्यक्ष मंजू जायसवाल और उनके साथियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी के दिलों में उत्साह है। चाहे बुजुर्ग हों, युवा, बच्चे या महिलाएं सभी देशप्रेम की भावना से ओतप्रोत हैं।

स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन

वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पहले जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने ये आयोजन कराया। ये दौड़ पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन गौरेला से होटेल टेंपल ट्री गौरेला तक आयोजित की गई। स्वतंत्रता दौड़ को कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

स्वतंत्रता दौड़ में बड़ी संख्या में युवाओं ने तिरंगा हाथ में लेकर भाग लिया। इस मौके पर कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि स्वस्थ देश के लिए स्वस्थ शरीर और स्वस्थ आत्मा का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के शरीर को ऊर्जावान बनाने, एकता, भाईचारे और देश प्रेम के संदेश के लिए स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि हमें प्रतिदिन दौड़ और व्यायाम नियमित रूप से करना चाहिए।

इन लोगों को किया गया सम्मानित

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के बच्चों सहित विभिन्न शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों, खेल संघों के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड, नेहरू युवा केंद्र, महाविद्यालय एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बालक जूनियर वर्ग में साक्षय अग्निहोत्री ने पहला स्थान, बालक सीनियर वर्ग में अरुण यादव ने पहला स्थान और दुर्गा यादव ने दूसरा स्थान, बालिका सीनियर वर्ग मे कविता पडवार ने प्रथम स्थान और मुस्कान अली ने द्वितीय स्थान हासिल किया।