दुनिया भर में इन दिनों कोरोना वायरस (Covid-19) के संक्रमण को लेकर कोहराम मचा है. भारत को भी वायरस की तीसरी लहर ने चपेट मे लिया है. इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से बचाव का एक मात्र हथियार है वैक्सीन (Covid-19 Vaccine). लिहाजा डॉक्टर और सरकार लोगों से वैक्सीन लेने की बार-बार अपील कर रहे हैं. इस बीच वैक्सीन के मोर्चे से अच्छी खबर ये है कि भारत में 75 फीसदी वयस्कों ने वक्सीन की दोनों डोज़ ले ली है. दो डोज़ लेने वालों को फुली वैक्सीनेटेड कहा जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी है.
पीएम मोदी ने इस मौके पर बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘अब देश के 75% वयस्क फुली वैक्सीनेटेड हैं. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हमारे देशवासियों को बधाई. उन सभी पर गर्व है जो हमारे टीकाकरण अभियान को सफल बना रहे हैं.’
इससे पहले रविवार को सुबह स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि देश के 75 फीसदी वयस्कों को वैक्सीन की दोनों डोज़ लग गई है. मांडविया ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘सबका साथ, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ, भारत ने अपनी 75% वयस्क आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया है. कोरोना से लड़ाई में हम निरंतर मज़बूत हो रहें है. हमें सभी नियमों का पालन करते रहना है और जल्द से जल्द वैक्सीन
लगवानी है,’
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ये भी बताया कि भारत सरकार (मुफ्त चैनल) के माध्यम से और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के माध्यम से अब तक राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों को 164.36 करोड़ से अधिक वैक्सीन खुराक प्रदान की गई हैं. बता दें कि भारत में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन की शुरुआत पिछले साल जनवरी में हुई थी.



