Home राज्यों से शिमला नए साल के जश्‍न के लिए तैयार, शहर को 7 सेक्टर...

शिमला नए साल के जश्‍न के लिए तैयार, शहर को 7 सेक्टर में बांटा, जानें नियम

59
0

कोरोना वायरस (Coronavirus) के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन (Omicron) के बढ़ते प्रकोप ने राज्य सरकारों की चिंता बढ़ा दी है. इस बीच कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, तो कहीं एहतियात बरतते हुए धारा 144 लागू कर दी गई है. देशभर के अब तक 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रॉन दस्तक दे चुका है. इसके साथ ही लगातार लोगों से एहतियात बरतने की अपील की जा रही है और मास्क के साथ सोशल डिस्‍टेंसिंग का खास ख्याल रखने के लिए कहा गया है. हालांकि इस बीच हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला (Shimla News) में सैलानियों की आमद बढ़ गयी है.

बहरहाल, ओमिक्रॉन और कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारें टीकाकरण पर जोर दे रही हैं. हालांकि हिमाचल में अब तक कोई बंदिशें नहीं लगाई गई हैं. वैसे पहाडों की रानी शिमला सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर न्यू ईयर होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

शिमला में उमड़ रहा पर्यटकों का हुजूम
शिमला में इस समय पर्यटकों का हुजूम उमड़ रहा है. बढ़ते ओमिक्रॉन के खतरे और कानून व्यवस्था को लेकर शिमला जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. इस वक्‍त पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही पर्यटकों को नियमों की पालना करने की सलाह दी है. जिला प्रशासन ने नए साल के जश्न के लिए शहर के करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र को 7 सेक्टर में बांटा है, जिसके लिए 7 मजिस्ट्रेट को नियुक्त किया गया है. शहर में नए साल पर 250 पुलिस कर्मी सुरक्षा का जिम्मा देख रहे हैं. पूरे शहर में ट्रैफिक और कानून व्यवस्था के लिए पुलिस जवानों को तैनात कर दिया है.

जिला प्रशासन ने उठाया ये कदम
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए भारी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंच रहे हैं जिसके चलते ट्रैफिक की समस्या भी आ रही है. इसलिए जिला प्रशासन ने नए साल पर 5 प्रतिबंधित सड़कों को पार्किंग के लिए खोल दिया है. इसके अलावा कानून व्यवस्था के लिए 4 रिजर्व फोर्स शहर में तैनात कर दी गईं हैं, ताकि कानून व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके. उन्होंने बताया कि ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए पर्यटकों से कोविड नियमों की पालना की अपील भी की गई है.

बढ़ती भीड़ कहीं ओमिक्रॉन को न्‍यौता तो नहीं
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में ओमिक्रॉन का एक मामला सामने आया है. इसके अलावा कोरोना के एक्टिव मामले 370 रह गए हैं. जबकि 70 लाख की आबादी वाले प्रदेश में कोरोना से 3856 मौत हो चुकी हैं. वहीं, दूसरी लहर में तो मौतों का आंकड़ा चार गुना तक बढ़ गया था. ऐसे में नए साल के जश्‍न के बीच ओमिक्रॉन की दस्‍तक कहीं तीसरी लहर की वजह न बन जाए.