अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिले संकेतों और कमजोड़ डॉलर के कारण आज भारत में सोने के दाम बढ़ गए. मल्टी-कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने के वायदा भाव में आज शुक्रवार को 0.29 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. आज सुबह 9.40 बजे सोने का वायदा भाव (Gold price today 17 Dec 2021) बढ़कर 48,785 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, चांदी की कीमतों (Silver price today 17 Dec 2021) में आज मामूली कमी नजर आ रही है. आज चांदी का वायदा भाव कल के मुकाबले 0.11 फीसदी घटकर 62,083 रुपये प्रति किग्रा पर पहुंच गया है.
रिकॉर्ड हाई से 6,615 रुपये नीचे चल रहा गोल्ड
गोल्ड का फरवरी वायदा भाव 16 दिसंबर को 1.16 फीसदी की बढ़त के साथ 48,646 पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी का मार्च वायदा भाव 3.23 फीसदी के उछाल के साथ 62,151 रुपये प्रति किग्रा प बंद हुआ था. बीते साल अगस्त के महीने में सोने का भाव अपने ऑल टाइम हाई रेट पर पहुंच गया था. अगस्त 2020 में सर्राफा बाजार में सोने का भाव 55,400 रुपये प्रति दस ग्राम था. अगर हम आज के भाव की सोने के ऑल टाइम हाई रेट से तुलना करें तो सोना अपनी रिकॉर्ड कीमत से 6,615 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है.
22 कैरेट सोने के क्या हैं दाम
दिल्ली में आज 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव 51,760 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वहीं, 22 कैरेट वाले सोने के दाम राष्ट्रीय राजधानी में 47,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए हैं. गुडरिटर्न्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आज मुंबई में 24 कैरेट सोने के दाम 48,360 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए हैं. वहीं, 22 कैरेट शुद्धता वाले सोने का भाव आर्थिक राजधानी में 47,360 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है.
मिस्ड कॉल देकर कैसे पता लगाएं सोने का भाव
आप सोना और चांदी का भाव आसानी से घर बैठे पता लगा सकते हैं. इसके लिए आपको सिर्फ 8955664433 नंबर पर मिस्ड कॉल देना है और आपके फोन पर मैसेज आ जाएगा. इसमें आप लेटेस्ट रेट्स चेक कर सकते हैं.



