Home छत्तीसगढ़ रामानुजगंज : गरीब ग्रामीणों की जान से खेल रहे फर्जी झोलाछाप डॉक्टरों...

रामानुजगंज : गरीब ग्रामीणों की जान से खेल रहे फर्जी झोलाछाप डॉक्टरों के क्लिनिक पर एसडीएम ने छापा मारकर किया सील

31
0

रामानुजगंज(गौरव)! जिले में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार करते हुए प्रशासन दूरस्थ इलाकों के साथ-साथ पंडो व पहाड़ी कोरवा बहुल इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की तत्काल उपलब्धता के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है। जिला चिकित्सालय के अतिरिक्त सामुदायिक, प्राथमिक तथा उपस्वास्थ्य केन्द्र के माध्यम से प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मीयों द्वारा समुचित जांच उपरांत निःशुल्क दवाईयां वितरित की जा रही है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में कोई भी लापरवाही न करने तथा अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, मेडिकल स्टोर्स एवं तथाकथित चिकित्सकों पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। अप्रशिक्षित तथा बिना डिग्री धारी चिकित्सकों द्वारा अवैध क्लीनिक के माध्यम से मनमाने ढंग से पैसे लेकर गलत उपचार किया जाता है, फलस्वरूप सही उपचार न मिलने से मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है। कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन ऐसे अवैध गतिविधियों के विरूद्ध लगातार कार्यवाही कर रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज ने अवैध रूप से संचालित दो क्लीनिको को सील कर दिया है। अवैध क्लीनिक संचालन की सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व रामानुजगंज गौतम सिंह की अगुवाई में टीम ने क्लीनिक की जांच की। क्लीनिक की जांच में पाया गया कि विजयनगर में रजा मेडिकल के पास इमामुद्दीन अंसारी के द्वारा अवैध रूप से लोगों का इलाज किया जा रहा था और इमामुद्दीन के पास चिकित्सका सुविधा प्रदान करने से संबंधित कोई वैध डिग्री या पत्रोपाधि नहीं है। जांच उपरांत एसडीएम द्वारा क्लिनिक को सील कर दिया। इसके पश्चात् विजयनगर में ही मो0 अली के द्वारा भी अवैध क्लीनिक संचालित कर लोगों के इलाज की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन की टीम द्वारा उसे सील कर दिया गया। वहीं जांच टीम को देख कर दो अन्य अपना दुकान बंद करके भाग गए। पिछले 1 सप्ताह के भीतर अनुविभागीय दंडाधिकारी के द्वारा 5 अवैध क्लीनिक को सील करने कि कार्यवाही किया गया है। जिले में बिना डॉक्टर के ही अवैध क्लीनिक संचालित हो रहे हैं और ग्रामीणों को बड़ी ही आसानी से शिकार बनाया जा रहा है। पंडो जनजाति के लोगों की लगातार बिगड़ती हालत के बाद प्रशासन की टीम बेहद सतर्क है और गांव गांव में जांच कर रही है इसी कड़ी में प्रशासन ने अवैध क्लीनिक पर भी कार्रवाई का मुहिम छेड़ा है सिर्फ रामानुजगंज क्षेत्र में 1 सप्ताह के भीतर 5 अवैध क्लीनिक को सील किया गया है वही कई क्लीनिक संचालक ताला लगा कर भाग गए हैं। इनके पास इस क्लीनिक को संचालित करने के लिए कोई लाइसेंस भी नहीं है और ना तो कोई डिग्रीधारी डॉक्टर है इसके बावजूद यह लोगों का इलाज कर रहे हैं। कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर अवैध चिकित्सकीय गतिविधियों तथा क्लीनिकों पर कार्यवाही कर रही है तथा सुदूर इलाकों तक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करते हुए लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है।