भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने वादा किया है कि अगर वह तेलंगाना में सत्ता में आती है, तो राज्य में जनसंख्या नियंत्रण अधिनियम लाया जाएगा. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बंडी संजय कुमार (Bandi Sanjay Kumar) ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही है. उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति सरकार (TRS Government) पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार, ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के दबाव में काम कर रही है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, संगारेड्डी में प्रजा संग्राम यात्रा के 11वें दिन कुमार ने कहा है कि अगर बीजेपी चुनाव जीतती है कि तो उत्तर प्रदेश की तर्ज पर जनसंख्या नियंत्रण अधिनियम लागू करेगी. साथ ही उन्होंने यात्रा के दौरान नफरत फैलाने और लोगों को उकसाने की बात से इनकार किया है. उन्होंने कहा, ‘अगर तथ्य बताना और समझाना लोगों को उकसाना है, तो पार्टी यह काम करना बिल्कुल जारी रखेगी. क्योंकि हम छात्रों, किसानों और बेरोजगारों युवाओं समेत उन लोगों की परेशानियों को जानने के लिए प्रजा संग्राम यात्रा निकाल रहे हैं, जो टीआरएस शासन में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं.’



