बेमेतरा, नवागढ़। शुभम दुबे “मेरूवाणी डाॅट इन”…
नवागढ़ विधानसभा के ग्राम कोसा पुरी धाम मे आयोजित छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद स्व. मिनीमाता की पुण्यतिथि पर सतनाम सत्संग कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रूप में विजयबघेल डायरेक्टर छत्तीसगढ़ अंत्यावसायी सहकारी वित्त विकास निगम छत्तीसगढ़ शासन शामिल हुए। उन्होंने मिनी माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किये। समाज को संबोधित करते हुए श्री बघेल ने स्वर्गीय मिनी माता द्वारा समाज के प्रति किए गए कार्य को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि सरल और सहज व्यक्तित्व की धनी मिनीमाता ने मानवता और समाज सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। असम में जन्मी मिनीमाता विवाह के बाद छत्तीसगढ़ के जन-जीवन में रच-बस गई। उनकी सक्रियता से संसद में सामाजिक उत्थान संबंधी कई कानून बने। दलितों के नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिये अस्पृश्यता निवारण अधिनियम को संसद में पारित कराने में उन्होंने महती भूमिका निभाई। उन्होंने मानव कल्याण, नारी उत्थान, किसान, मजदूर, छूआ-छूत निवारण कानून, बाल विवाह, दहेज प्रथा, निःशक्त व अनाथों के लिए आश्रम, महिला शिक्षा और छत्तीसगढ़ के लिए आंदोलन जैसे जनहित के अनेक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मजदूरों को एकजुट करने के लिये उन्होंने छत्तीसगढ़ मजदूर संघ का गठन किया। मिनीमाता ने महिला अस्मिता को एक नई ऊंचाई दी है।
इस दौरान समाज के वरिष्ठ कडिहार, बुजुर्ग जन को श्री बघेल द्वारा श्रीफल धोती पहनाकर समाज को भजन के माध्यम से अमृतवाणी का रसपान कराएं जाने पर मिनीमाता पुण्यतिथि सम्मान समारोह प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रज्ञा सौरभ निर्वाणी जिला पंचायत सदस्य बेमेतरा, शशि प्रभा गायकवाड सदस्य जिला पंचायत बेमेतरा, कार्यक्रम के आयोजक दास आनंद पंडित, पलटू पंडित, मनु पंडित सहित ग्राम वासी उपस्थित रहे।