मुंबई. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के ऑफिस ने शनिवार को बाढ़ से संबंधित नुकसान पर एक रिपोर्ट शेयर की. इसमें बाढ़ से मरने वालों की संख्या 76 बताई गई. लेकिन राज्य के मंत्री बालासाहेब थोराट ने एक दिन पहले संवाददाताओं से कहा था कि लगातार बारिश से भूस्खलन हुआ और इसमें 136 लोगों की मौत हो गई. बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते महाराष्ट्र (Maharashtra Rains) के कोंकण इलाके में अफरा-तफरी मची है. रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों की प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. लगातार बारिश ने इस क्षेत्र में कहर बरपा रखा है.
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए एनडीआरएफ की कई टीमें लगातार काम कर रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी हालात पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं. हालांकि मौसम का कहर अभी खत्म नहीं हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में पहले से ही भारी बारिश से हो रही है. अगले दो से तीन दिनों के दौरान पश्चिमी तट पर भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. आईए एक नज़र डालते हैं महाराष्ट्र में बाढ़ के ताज़ा हालात के अपडेट्स पर….



