छत्तीसगढ़ के जगदलपुर,दंतेवाड़ा व सुकमा बार्डर पर शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। जवानों ने महिला नक्सली का शव बरामद कर लिया है। उसके पास से ही एक AK-47 भी बरामद की गई है। बस्तर IG सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। यह मुठभेड़ लगभग दो घंटे तक चली। वहीं जवानों को भारी पड़ता देख माओवादी जंगल का सहारा ले कर भाग गए हैं। हलाकि जवान अब भी घटना स्थल पर मौजूद हैं और इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं ।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस अफसरों को बड़ी संख्या में नक्सलियों के एकत्र होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रात में DRG जवानों को जगदलपुर, दंतेवाड़ा व सुकमा से सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। सरहदी इलाके में शुक्रवार सुबह जवानों के पहुंचने पर नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक महिला नक्सली मारी गई है।
गेर घाटी एरिया कमेटी के माओवादी थे मौजूद
जगदलपुर ,सुकमा एवं दंतेवाड़ा के सरहदी क्षेत्र चांदामेटा, पटेलपारा, गदमेपारा, अण्डालपारा, तुलसी डोंगरी, पयारभांट, कुम्माकोलेंग एवं अन्य आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में माओवादी उपस्थित थे। पुलिस को पुख्ता खबर मिली थी कि दरभा डिवीजन के अंतर्गत कांगेर घाटी एरिया कमेटी के माओवादियों का यहां जमावाड़ा है। इसी सूचना के आधार पर जगदलपुर, दंतेवाड़ा व सुकमा की DRG टीम, जिला पुलिस बल, CRPF 80वीं एवं 227वीं बटालियन के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। सुबह 8 बजे चांदामेटा एवं पयारभांट के जंगल में जगदलपुर डीआरजी की टीम के साथ मुठभेड़ हुई है। इस संयुक्त ऑपरेशन में जवानों ने तीन तरफ से माओवादियों को घेरा था, लेकिन मुठभेड़ जगदलपुर DRG के साथ हुई है।
घटना स्थल से यह सामान हुए बरामद
मुठभेड़ के बाद जवानों के द्वारा घटना स्थल की सर्चिंग की गई। सर्चिंग के दौरान AK-47 रायफल, 2 पिस्टल, 12 बोर बंदूक, 1 भरमार बंदूक एवं भारी मात्रा में दैनिक उपयोग के सामान भी बरामद किए गए हैं ।
जगदलपुर, सुकमा व दंतेवाड़ा इन तीनों जिले के सीमावर्ती इलाके में भारी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता खबर मिली थी। इसी सूचना के आधार पर तीनों जिले से सुरक्षाबलों को निकाला गया था। जगदलपुर की DRG टीम के साथ कांगेर घाटी एरिया कमेटी के नक्सलियों की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। हालाकि मृत महिला नक्सली की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। अभी मुठभेड़ बन्द हो गई है। लेकिन सर्चिंग चल रही है।