अंबिकापुर। नौकरी लगवाने के नाम पर 9 लाख 50 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को नया रायपुर से गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना में पीड़ित मिथलेश मालवीय निवासी नवापारा ने नौकरी लगवाने के नाम पर 9 लाख 50 हजार रुपए किश्तों में लेकर चम्पत होने की रिपोर्ट 9 मार्च को दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी संतोष कुमार निर्मलकर निवासी अभनपुर नया रायपुर की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि संतोष कुमार निर्मलकर (32) नया रायपुर में है। इसके बाद पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी को रायपुर थाना राखी से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के बैंक खाता, जिसमें 4 लाख की रकम का होना बताया जा रहा है, उसे पुलिस ने होल्ड करवा दिया है।



