Home छत्तीसगढ़ बीजापुर में नक्सलियों ने कैंप पर की फायरिंग, चपेट में आकर विरोध...

बीजापुर में नक्सलियों ने कैंप पर की फायरिंग, चपेट में आकर विरोध प्रदर्शन कर रहे 3 ग्रामीणों की भी मौत; IG बोले- जवाबी कार्रवाई में नक्सली भी मारे गए

26
0

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने सोमवार को फोर्स के ज्वॉइंट कैंप पर हमला कर दिया। नक्सलियों ने कैंप पर फायरिंग कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इस गोलीबारी की चपेट में आकर तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। यह ग्रामीण पिछले तीन दिन से कैंप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी. ने की है। उन्होंने बताया कि फायरिंग में कुछ नक्सली भी मारे गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, बीजापुर और सुकमा के सीमावर्ती इलाके सिलेगर में सुरक्षाबलों का ज्वॉइंट कैंप शुरू हो रहा है। इसमें CRPF, STF और DRG के जवान रहेंगे। दोनों जिलों के 15 गांव के ग्रामीण 14 मई से वहां एकत्र हैं और कैंप का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मारपीट और नक्सली मामलों में फंसाने का पुलिस पर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान अचानक से नक्सलियों ने कैंप पर फायरिंग शुरू कर दी।

मुठभेड़ में कुछ जवानों के भी घायल होने का अंदेशा
इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इस मुठभेड़ में 3 ग्रामीणों के मारे जाने की सूचना है। वहीं कई नक्सलियों को भी मारने का दावा किया गया है। इस हमले के बाद मौके पर और फोर्स भेजी गई है। इस बीच कुछ जवानों के भी घायल होने का अंदेशा है। हालांकि अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। बीजापुर और सुकमा SP मौके के लिए रवाना हो गए हैं। मुठभेड़ और स्थिति को लेकर अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।

नक्सली लीडर हिड़मा का है इलाका
हाल ही में बीजापुर में हुए नक्सल हमले में 22 जवान शहीद हुए थे। बस्तर का झीरम कांड जिसमें कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता मारे गए। इस तरह की दर्जनों घटनाओं की प्लानिंग और एक्शन को नक्सली लीडर हिड़मा अंजाम देता है। जहां ग्रामीणों से प्रदर्शन किया है ये उसी का इलाका है। फोर्स के आने से पहले तक आए दिन नक्सली यहां ग्रामीणों की बैठक लेते रहे हैं। बड़े नक्सली नेताओं की यहां आवाजाही रही है। फोर्स की चहलकदमी बढ़ने से नक्सलियों को अपनी जमीन खोने का डर सता रहा है।