दिल्ली में कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बड़ी जानकारी दी है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने बताया कि इस समय दिल्ली में हर दिन एक लाख लोगों को हर दिन वैक्सीन का डोज दिया जा रहा है. वैक्सीनेशन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को तीन करोड़ वैक्सीन चाहिए. उन्होंने कहा कि अभी दिल्ली में वैक्सीन की कमी है. इस दौरान उन्होंने बताया कि दिल्ली को अबतक 40 लाख वैक्सीन मिले हैं. अपने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने बताया कि आस-पास के लोग भी दिल्ली आ कर वैक्सीन ले रहे हैं.
बच्चों के टीकाकरण पर केजरीवाल की राय
18 साल से कम उम्र के लोगों के टीकाकरण को लेकर उन्होंने कहा, ”सभी विशेषज्ञों और केंद्र सरकार से अपील है कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जल्द किसी वैक्सीन का इंतजाम किया जाए. आज दिल्ली में हमारे पास 5-6 दिन की वैक्सीन बची है.”
‘दिल्ली में वैक्सीन की कमी’
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ”आज वैक्सीन की बहुत कमी है, अगर हमें पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन मिल जाए तो हम तीन महीने में पूरी दिल्ली को वैक्सीनेट करना चाहते हैं. दिल्ली में 18 साल से अधिक उम्र के 1.5 करोड़ लोग हैं तो 3 करोड़ वैक्सीन चाहिए. दिल्ली सरकार को अब तक कुल 40 लाख वैक्सीन मिली है.”
उचित मात्रा में मिले वैक्सीन
मुख्यमंत्री ने कहा, ”अगले 3 महीने के लिए हमें 80-85 लाख वैक्सीन हर महीने चाहिए. हम आज रोज एक लाख वैक्सीन लगा रहे हैं, हमें हर रोज 3 लाख वैक्सीन लगानी होगी. हम बड़े आराम से अपनी कैपेसिटी 3 लाख वैक्सीन की कर सकते हैं. केंद्र सरकार से निवेदन है कि हमें उचित मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई जाए.”
सीएम केजरीवाल ने कहा, ”हमने लगभग 100 स्कूलों में टीकाकरण की व्यवस्था की है, आने वाले समय में ये बढ़ाकर 250-300 स्कूलों में कर देंगे. आज दिल्ली में 50,000 वैक्सीन 45 साल से कम उम्र के लोगों और 50,000 वैक्सीन 45 साल से ज़्यादा उम्र के लोगों को लग रही हैं.”



