कोरोना संक्रमण की रफ्तार देखते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने रविवार को कड़े फैसले लिए. सीएम ने महाराष्ट्र की सीमा सील करने की घोषणा की. छत्तीसगढ़ से आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है. इधर, शिवराज सिंह चौहान लोगों को जागरूक करने अब खुद माइक लेकर सड़कों पर उतरेंगे. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना बेहद जरूरी है और लोगों को इसके लिए जागरूक करने का काम वे खुद करेगे.
जागरूकता अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद सोमवार शाम 6:00 बजे भोपाल से करेंगे. इस दौरान वह एक खुली गाड़ी में सवार होंगे और हाथ में माइक लेकर लोगों से अपील करेंगे कि वह मास्क लगाएं और सामाजिक दूरी का पालन करें. इसके साथ ही बीजेपी के सभी विधायक और सांसद भी जागरूकता के लिए यही काम करेंगे. बीजेपी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को भी जागरूकता अभियान में शामिल होने के लिए कहा है.
कोरोना रोकथाम के लिए कड़े फैसले
इसके साथ ही कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार ने कुछ और महत्वपूर्ण फैसले किए हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में कोरोना की स्थिति खराब है. इसको देखते हुए महाराष्ट्र सीमा को पूरी तरह से सील किया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ से आवागमन को प्रतिबंधित किया जाएगा. हालांकि मुख्यमंत्री ने यह साफ किया है कि मालवाहक वाहनों को आवागमन से नहीं रोका जाएगा लेकिन अनावश्यक आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा.
पहले भी सड़कों पर उतर चुके सीएम
कोरोना को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इससे पहले भी सड़कों पर उतर चुके हैं. इससे पहले वह अचानक भोपाल के व्यस्ततम न्यू मार्केट पहुंच गए थे. उन्होंने वहां उन लोगों को खुद अपने हाथों से मास्क पहनाया था, जिन्होंने मास्क नहीं पहन रखे थे. इसके साथ ही छह नंबर मार्केट में भी उन्होंने लोगों को अपने हाथ से मास्क पहना कर जागरूक किया था. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना से बचाव के लिए जागरुकता सबसे जरूरी है.


