राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET-2021) के आवेदन फॉर्म में ऑफलाइन संशोधन का आज आखिरी दिन है. अभ्यर्थी डाक या व्यक्तित तौर पर रीट कार्यालय पहुंचकर संशोधन का आवेदन कर सकते हैं.
राजस्थान में शिक्षक पात्रता परीक्षा (REET-2021) के लिए किए गए आवेदनों में ऑफलाइन मोड से संशोधन का आज आखिरी दिन है. इसका प्रारूप वेबसाइट पर उपलब्ध है. अभ्यर्थी वहां से प्रारूप हासिल कर सकते हैं. अभ्यर्थी आवश्यक जानकारियां भर कर शोधन के लिए आवेदन प्रमाणिक दस्तावेजों के साथ शाम छह बजे तक डाक से या व्यक्तिगत तौर पर रीट कार्यलय में जाकर जमा कर सकते हैं.
गौर करने वाली बात है कि अभ्यर्थी अपना नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि में ऑनलाइन संशोधन नहीं कर सकते. जबकि परीक्षा स्तर, मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी किसी भी तरह नहीं बदली जा सकती.
25 अप्रैल को होगी परीक्षा
राजस्थन में रीट-2021 का आयोजन 25 अप्रैल को होगा. परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह दस बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 तक होगी. जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी. पहली पाली में उच्च प्राथमिक यानी 6वीं से आठवीं तक के लिए परीक्षा होगी. वहीं, दूसरी पाली कक्षा 1 से 5 तक के लिए होगी.
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अध्यापक पात्रता परीक्षा (REET) के लिए इस साल रिकॉर्ड 16 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. एक तरफ लेवल -1 और 2 के लिए 9 लाख अभ्यर्थी और लेवल -1 और लेवल 2 के लिए अलग-अलग 3 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है.
बढ़ी थी आवेदन की अंतिम तिथि
राजस्थान टीईटी के लिए आवेदन की प्रक्रिया 11 जनवरी से शुरू होकर 8 फरवरी को संपन्न हो गई थी. लेकिन राजस्थान हाईकोर्ट द्वारा बी.एड. व डी.एल.एड. योग्यता धारियों को भी आवेदन की अनुमति देने के बाद अंतिम तिथि बढ़ाकर 19 फरवरी तक कर दी गई थी. राजस्थान हाई कोर्ट में याचिकाओं में कहा गया था कि राज्य सरकार ने रीट भर्ती में फर्स्ट लेवल से बीएड धारकों को बाहर करते हुए केवल बीएसटीसी धारकों को ही पात्र माना है. जो पूरी तरह से गलत है. क्योंकि बीएड धारक बीएसटीसी योग्यताधारियों से उच्च योग्यता रखते है.



