Home विदेश मैक्सिको में शूटआउट:SUV से आए हथियारबंद लोगों ने घर पर हमला किया;...

मैक्सिको में शूटआउट:SUV से आए हथियारबंद लोगों ने घर पर हमला किया; 10 लोगों की गोली मारकर हत्या, 3 घायल

34
0

पश्चिमी मैक्सिको में शनिवार को हथियारबंद समूह ने एक घर पर हमला कर दिया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई। एक महिला और 2 लड़के घायल हो गए। यह घटना जलिस्को प्रांत में हुई। हमलावर एक SUV से आए थे। उनकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को 10 पुरुषों के गोलियों से छलनी शव घर के सामने फुटपाथ पर मिले हैं। एक लड़का घायल हालत में अंदर पाया गया। दूसरा लड़का और महिला अस्पताल में एडमिट थे।

मैक्सिको में ड्रग माफिया के मजबूत होने से अक्सर गोलीबारी की घटनाएं होती हैं। जलिस्को राज्य न्यू जेनरेशन कार्टेल का गढ़ है। ये मैक्सिको के सबसे हिंसक और शक्तिशाली ग्रुप हैं। पिछले कुछ साल में किसी भी दूसरे राज्य की तुलना में जलिस्को में ज्यादा हत्याएं हुई हैं। माफिया के ये गुट आपस में लड़ते रहे हैं।

ड्रग्स सिंडिकेट में रंजिश में होती हैं हत्याएं
इस महीने की शुरुआत में पुलिस को राज्य की राजधानी गुडालाजारा के बाहरी इलाके में मानव शरीर के अंगों से भरे 18 प्लास्टिक बैग मिले थे। जलिस्को के अफसरों ने अल साल्टो शहर में एक गुप्त कब्र से 113 शव बरामद किए थे। 2020 तक पूरे शहर में कुल 189 शव मिले थे।

पिछले साल सेंट्रल मैक्सिको में गुआनाजुआटो राज्य के एक नशा मुक्ति केंद्र में कुछ हमलावरों ने गोलीबारी की थी। इसमें 24 लोगों की मौत हो गई थी। इसका शक नशे की सप्लाई करने वाले ग्रुप पर जताया गया था।