राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट (Sachin Pilot) किसान महापंचायत को संबाेधित करेंगे. इसके जरिये पायलट अपना राजनीतिक दमखम दिखाएंगे.
पूर्व पीसीसी चीफ सचिन पायलट (Sachin Pilot) शुक्रवार को फिर अपना सियासी दमखम दिखाएंगे. पायलट 19 फरवरी को जयपुर के चाकसू इलाके के कोटखावदा में किसान महापंचायत (Kisan Mahapanchayat) को संबोधित करेंगे. पायलट ने अपने ट्विटर हैंडल से महापंचायत की जानकारी साझा करते हुये किसानों से इसमें शामिल होने का आह्वान भी किया है.
गत वर्ष प्रदेश में सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच हुये सियासी संग्राम के बाद पायलट फिलहाल पार्टी में साइडलाइन चल रहे हैं. हालांकि, दोनों के बीच हुये सियासी संघर्ष के बाद पार्टी आलाकमान उनमें सामंजस्य बिठाने की कोशिश जरुर कर रहा है, लेकिन वह सिरे नहीं चढ़ पा रही है. पायलट और गहलोत के बीच की दूरियां कम नहीं होने का नाम नहीं ले रही हैं. ऐसे में पायलट ने पिछले कई दिनों से पूर्वी राजस्थान में किसान महापंचायतों के जरिये विपक्षी खेमे को अपनी राजनीतिक ताकत का अहसास कराने में जुटे हैं.
दौसा और भरतपुर में कर चुके हैं किसान महापंचायत
सचिन पायलट पूर्वी राजस्थान में पहले दौसा और फिर भरतपुर में किसान महापंचायत कर चुके हैं. इन महापंचायतों में बड़ी तादाद में किसान जुट भी रहे हैं. पायलट के इस कदम पर गहलोत खेमा भी कड़ी नजर बनाये हुये है. पिछले कुछ समय से उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम भी पायलट को लेकर काफी ट्वीट कर रहे हैं. इससे भी प्रदेश कांग्रेस में हलचल मची हुई है.
प्रमोद कृष्णम ने दिया था पायलट को सीएम बनने का आशीर्वाद
प्रमोद कृष्णम ने पिछले दिनों पायलट की भरतपुर की सभा के वीडियो को ट्वीट कर उन्हें सीएम बनने का आशीर्वाद दिया था. कृष्णम के ट्वीट से प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति गरमाई हुई है. हाल ही में हुये राहुल गांधी के राजस्थान दौरे के दौरान पायलट को साइडलाइन रखे जाने की भी सियासी गलियारों में खासी चर्चा रही थी. इन महापंचायतों को सफल बनाने में पायलट खेमे के विधायक जी-जान से जुटे हुये हैं.
पायलट ने किया ट्वीट
19 फरवरी को होने वाली महापंचायत को लेकर पायलट ने ट्वीट किया है. अपने ट्वीट में पायलट ने कहा कि केन्द्र सरकार की ओर से बनाये गये तीन कृषि कानून किसानों, मध्यम और गरीब वर्ग का अहित करने का काम करेंगे. अन्नदाताओं पर हो रहे अत्याचार के विरुद्ध आइए हम सभी कोटखावदा (चाकसू) में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत में किसानों की आवाज बुलंद करें.



