Rajasthan Local body elections: चुनावों के लिये कल सुबह 8 बजे से मतदान (Voting) होगा. मतदान के दौरान COVID-19 की गाइडलाइन का पालन करना जरूरी है.
प्रदेश के 20 जिलों के 90 निकायों (Rajasthan Local body elections) के लिए चुनाव प्रचार का शोर थम चुका है. नाम वापसी के बाद सदस्य पद के लिए 9930 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं. आयोग के निर्देश के मुताबिक मतदान (Voting) से 48 घंटे पहले प्रचार थम जाता है. अब चुनाव सामग्री वितरित करने पर भी पाबंदी रहेगी. अब प्रत्याशी केवल घर-घर जाकर अपने लिए वोट मांग सकेंगे. इस दौरान कोई रैली, जनसभा, नुक्कड़ सभा और जुलूस का आयोजन नहीं कर सकेंगे.
प्रदेश में एक नगर निगम, एक नगर परिषद और 80 निकायों के लिए मतदात 28 जनवरी यानी कल होगा. मतदान का समय सुबह 8 से शाम 5 बजे तक रखा गया है. उसके बाद 31 जनवरी को मतगणना करवाई जाएगी. मतगणना सुबह 9 बजे से शुरू होगी. उसके कुछ ही देर बाद चुनाव परिणाम मिलने शुरू हो जायेंगे. मतदान के दौरान कोविड-19 के लिये केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने जिलों में लगाए पर्यवेक्षकों से फील्ड रिपोर्ट ले ली है और जरूरी दिशा निर्देश भी जारी कर दिए हैं.
इसलिये अहम हैं ये चुनाव
ये चुनाव प्रदेश के विकास के लिये बेहद अहम हैं. इन चुनावों के जरिये 90 शहरों के मतदाता अपनी-अपनी शहरी सरकार चुनेंगे. मतदाता पार्टीबाजी से ऊपर उठकर अपने शहर के विकास के लिये उपयुक्त प्रत्याशी का चयन करें ताकि उनकी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके. अपना पार्षद चुनने से पहले प्रत्याशी योग्यता और उसकी पृष्ठभूमि को जरुर देखें. यही वह मौका है जब मतदाता अपने शहर के विकास की दिशा और दशा तय कर सकता है. लिहाजा सोच समझकर मतदान करें. महामारी का समय है। इसलिये मतदान के दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन की समुचित पालना कर अपना कर्तव्य निभायें.
इन जिलों में होने हैं स्थानीय निकाय चुनाव
चुनाव आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि प्रदेश के 20 जिलों अजमेर, बांसवाड़ा, बीकानेर, भीलवाड़ा, बूंदी, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, चूरू, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, पाली, राजसमंद, सीकर, टोंक, जालोर, झालावाड़, झुंझुनूं, नागौर और उदयपुर के 90 निकायों में चुनाव कराए जाएंगे. इनमें 1 नगर निगम, 9 नगर परिषद और 80 नगर पालिकायें शामिल हैं.
30 लाख से ज्यादा मतदाता चुनेंगे शहरी सरकार
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि इन चुनावों के लिये कुल 30 लाख 28 हजार 544 मतदाता हैं. इनमें से 15 लाख 47 हजार 974 पुरुष, 14 लाख 80 हजार 514 महिला और 56 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. 90 शहरी निकायों के 3035 वार्डों के लिए 5253 मतदान केन्द्र मतदान बनाये गये हैं.



