Home देश कोरोना वैक्‍सीन के टीकाकरण के लिए PM मोदी आज सभी CM संग...

कोरोना वैक्‍सीन के टीकाकरण के लिए PM मोदी आज सभी CM संग करेंगे बैठक, राज्‍यों की तैयारी यहां जानें

32
0

Corona Vaccine: ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) की ओर से पिछले दिनों देश में कोरोना वायरस की दो वैक्‍सीन को आपातकालीन इस्‍तेमाल की मंजूरी दे दी गई है.

देश को जिस घड़ी का इंतजार था, वो पास आ गई है. भारत में अब 16 जनवरी से कोरोना वायरस (Coronavirus) की वैक्‍सीन (Corona Vaccine) का टीकाकरण शुरू होने जा रहा है. इसके लिए सभी राज्‍यों में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. टीकाकरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सोमवार को सभी राज्‍यों के मुख्‍यमंत्रियों से इन तैयारियों को लेकर बैठक करेंगे. इसमें वह सभी राज्‍यों में चल रही टीकाकरण की तैयारियों पर अपडेट लेंगे और रणनीति बनाएंगे.

बता दें कि ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) की ओर से पिछले दिनों देश में कोरोना वायरस की दो वैक्‍सीन को आपातकालीन इस्‍तेमाल की मंजूरी दे दी गई है. इनमें सीरम इंस्‍टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्‍ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सिन शामिल हैं. वहीं देश भर में टीकाकरण का ड्राइ रन यानी कि ट्रायल भी पूरा हो गया है. टीकाकरण अभियान में 19 केंद्रीय मंत्रालय शामिल होंगे.

प्रमुख राज्‍यों की ये हैं तैयारी…

उत्‍तर प्रदेश
उत्‍तर प्रदेश की योगी सरकार ने कोरोना वैक्‍सीन के टीकाकरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं. यूपी में 16 जनवरी से 852 सेंटर्स पर टीकाकरण की शुरुआत की जाएगी. इसके साथ ही 3000 बूथ वाले करीब 1,500 सेंटर्स की पहचान भी कर ली गई है. राज्‍य के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जय प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि हर सेंटर पर 25 कर्मचारी होंगे. यूपी में करीब 9 लाख हेल्थकेयर वर्कर्स को वैक्‍सीन लगाई जाएगी.

महाराष्‍ट्र
देश में महाराष्‍ट्र ऐसा राज्‍य है जहां कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सबसे ज्‍यादा सामने आए. राज्‍य में 16 हजार से अधिक वॉलंटियर्स को वैक्‍सीनेशन के लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है. महाराष्‍ट्र में कोरोना वायरस की वैक्‍सीन के लिए 4200 सेंटर बनाए गए हैं. 3,145 कोल्‍ड चेन केंद्र भी हैं. साढ़े सात लाख के करीब हेल्‍थकेयर वर्कर्स वैक्‍सीनेशन के लिए पंजीकरण करा चुके हैं.

दिल्‍ली
दिल्‍ली में भी कोरोना वायरस का संक्रमण काफी तेजी से फैला था. राज्‍य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने टीकाकरण की जानकारी देते हुए बताया है कि पहले चरण में 89 अस्पतालों में टीकाकरण होगा. इसके लिए मंगलवार को वैक्‍सीन दिल्ली पहुंच जाएगी.

गुजरात
गुजरात में टीकाकरण के पहले चरण में 4.33 लाख हेल्‍थ वर्कर्स को टीका लगाया जाएगा. उनके बाद राज्‍य के 3.47 लाख फ्रंटलाइन वर्कर्स का टीकाकरण होगा. राज्‍य में वैक्‍सीनेशन के लिए 17,128 लोगों को ट्रेनिंग दी गई है. राज्‍य में एक करोड़ से ज्‍यादा वैक्‍सीन की डोज रखने की क्षमता है.

तमिलनाडु
तमिलनाडु भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में अधिक रहा है. अब पहले चरण में राज्‍य के 6 लाख हेल्‍थ केयर्स वर्कर्स का टीकाकरण होगा. इसके लिए प्रदेश में 47,206 सेंटर्स बनाए गए हैं. तमिलनाडु के 38 जिलों में 51 वॉक-इन सेंटर्स भी होंगे जहां ढाई करोड़ डोज स्‍टोर की जा सकेंगी.