आईसीआईसीआई म्यूचुअल फंड (ICICI Mutual Fund) ने एक नई स्कीम आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल बिजनेस साइकिल फंड (ICICI Prudential Business Cycle Fund) की लॉन्चिंग का ऐलान किया है.
आईसीआईसीआई म्यूचुअल फंड (ICICI Mutual Fund) ने एक नई स्कीम आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल बिजनेस साइकिल फंड (ICICI Prudential Business Cycle Fund) की लॉन्चिंग का ऐलान किया है. यह एक ओपेन एंडेड इक्विटी स्कीम है, जिसका मकसद इक्विटी और इक्विटी से जुड़ी सिक्योरिटीज में निवेश कर दीर्घावधि (Long term) पूंजी निर्माण करना है. एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निवेश के लिए स्कीम का न्यू फंड ऑफर (NFO) 29 दिसंबर, 2020 को खुलेगा और 12 जनवरी 2021 को बंद हो जाएगा.
जानें क्या होता है न्यू फंड ऑफर (NFO)
एनएफओ किसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी की नई स्कीम होती है. इसके जरिए कोई म्यूचुअल फंड कंपनी शेयरों, सरकारी बॉन्ड जैसे इंस्ट्रूमेंट में निवेश करने के लिए निवेशकों से पैसे जुटाती है. यह फंड अलग-अलग सेक्टरों में डायनेमिक आवंटन के जरिये चलते बिजनेस चक्र (Business cycle) पर अपना फोकस रखेगा.
बिजनेस साइकिल फंड की खास बातें
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल बिजनेस साइकिल फंड टॉप-डाउन रुख अपनाएगा. इसके अलावा शेयरों के चुनाव में उनके बिजनेस साइकिल की समीक्षा करेगा. साथ ही तमाम आर्थिक संकेतों पर भी नजर रखेगा. इस स्कीम में मैक्रो इंडिकेटर पर निगरानी (अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों) और सही थीम/सेक्टरों के चुनाव और शेयरों का चुनाव कर बिजनेस चक्र की पहचान की रणनीति अपनाई जाएगी. कोई मौजूदा बिजनेस चक्र कितने दिनों तक चलेगा या फिर कितनी जल्दी खत्म हो जाएगा यह मैक्रो इकोनॉमिक हालातों पर निर्भर करेगा. साथ ही यह बिजनेस चक्र के दौरान सरकार की राजकोषीय नीति और केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति पर निर्भर करेगा.
किस तरह काम करता है बिजनेस साइकिल फंड
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल बिजनेस साइकिल फंड अलग-अलग तरीके से काम करता है. यह मैक्रो (अर्थव्यवस्था के) हालातों पर फोकस करता है. इससे निवेशकों की पहुंच किसी भी समय उन सेक्टरों तक होती है जो आकर्षक दिख रहे हैं. इस रणनीति से उन सेक्टरों में डाइवर्सिफिकेशन का लक्ष्य भी हासिल करने में मदद मिलती है.
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी के एमडी और सीईओ निमेश शाह ने इस प्रोडक्ट के लॉन्च पर कहा, शेयर बाजार में रिटर्न आम तौर पर अलग-अलग बिजनेस चक्र के चरणों से प्रभावित होते हैं. किसी खास बिजनेस चक्र में चार अलग-अलग चरण हो सकते हैं, जैसे- ग्रोथ, मंदी, गिरावट और रिकवरी. सभी चरण अलग होते हैं लेकिन प्रमुख चरणों की पहचान और उन्हें निवेश के नजरिये से विश्लेषित किया जाए तो सकारात्मक निवेश अनुभव हासिल करने में मदद मिल सकती है.
आईसीआईसीआई म्यूचुअल फंड के पास भारत के सबसे बड़े और अनुभवी टीमों में से एक है. एस नरेन इसका नेतृत्व करते हैं, जो मैक्रो हालातों और मार्केट साइकिल पर अपने कॉल के लिए जाने जाते हैं. स्कीम का प्रंबधन अनीश तवाकले, इहाब दलवई और मनीष बांठियां करेंगे. स्कीम का बेंचमार्क निफ्टी 500 TRI है.



