Home देश दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीत लहर, कोहरे से हालात हो सकते...

दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीत लहर, कोहरे से हालात हो सकते हैं और खराब

46
0

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापामन 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री तक गिर सकता है.

​राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों को शीत लहर और कड़ाके की ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया है. मौसम विभाग ने चेतावनी देते हुए कहा है कि ठंड की मार इसी तरह अगले शुक्रवार तक जारी रहेगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि 17 दिसंबर से उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के काफी हिस्सों में ठंड के साथ कोहरा भी दस्तक देगा. इसी तरह पश्चिमी हिमालय से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी.

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापामन 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा जबकि अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री तक गिर सकता है. मौसम विभाग की ओर से ट्वीट करते हुए कहा गया है कि पश्चिम राजस्थान में शीत लहर की स्थिति बनती दिखाई दे रही है. वहीं हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर से ठंड का ज्यादा एहसास होगा. आज, पूर्वी राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज किया गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया, पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में काफी बर्फबारी दर्ज की गई है. बर्फीली हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में सर्द हवाएं चल रही है. सर्द हवाओं के कारण तापमान में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में आज और कल दोनों दिन शीत लहर जारी रहने की संभावना है. इससे दोनों दिन भारी ठंड पड़ सकती है.

उत्तर भारत में तेजी से बढ़ रही है ठंड
बता दें कि उत्तर भारत बुधवार को बर्फीली हवाओं के आगोश में रहा. पंजाब के अमृतसर में मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया जबकि उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में घना कोहरा छाया रहा. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई पहाड़ी इलाकों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक ‘देश के मैदानी इलाकों में अमृतसर में सबसे कम 2.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.’ अमृतसर में अधिकतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 13 डिग्री कम है. अमृतसर में मनाली, शिमला और श्रीनगर से अधिक ठंड पड़ रही है.