NSA अजीत डोभाल (NSA Ajit Doval) इस साल श्रीलंका (Srilanka) के दूसरे दौरे पर कोलंबो (Colombo) पहुंचे हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) श्रीलंका, मालदीव के साथ समुद्री सुरक्षा पर आयोजित त्रिपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे.
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) भारत (Ajit Doval), श्रीलंका और मालदीव के बीच समुद्री सुरक्षा को लेकर त्रिपक्षीय वार्ता के लिए शुक्रवार को कोलंबो पहुंचे. श्रीलंका, भारत और मालदीव के साथ शुक्रवार और शनिवार को समुद्री सुरक्षा सहयोग पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की चौथी त्रिपक्षीय बैठक का आयोजन कर रहा है. ये बैठक छह साल बाद हो रही है. इससे पहले बैठक 2014 में नई दिल्ली में हुई थी.
कोलंबो में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, ‘‘भारत-श्रीलंका-मालदीव के बीच समुद्री और सुरक्षा सहयोग पर वार्ता के लिए एनएसए अजित डोभाल कोलंबो पहुंच गए हैं. सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सिल्वा शवेंद्र ने गर्मजोशी से उनका स्वागतकिया.’’
श्रीलंका की सेना ने बताया कि डोभाल और मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया दीदी बातचीत में अपने अपने देशों का नेतृत्व करेंगे. बांग्लादेश, मॉरीशस और सेशेल्स के पर्यवेक्षक भी रहेंगे.हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर समन्वित कार्रवाई, राहत और बचाव अभियान का प्रशिक्षण, समुद्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कदम उठाने, सूचनाएं साझा करने, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा था कि एनएसए स्तर की त्रिपक्षीय बैठक हिंद महासागर के देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए एक प्रभावी मंच हैं.विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा था, ‘‘हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को लेकर सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.इस साल डोभाल का श्रीलंका का यह दूसरा दौरा है. इससे पहले वह जनवरी में श्रीलंका आए थे और दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की थी.



