Home देश J-K: कश्मीर के 4 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी, पिछले 24 घंटे...

J-K: कश्मीर के 4 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी, पिछले 24 घंटे में 19 सेमी बर्फबारी

30
0

कश्मीर में प्रशासन (Jammu-Kashmir Administration) ने घाटी के चार जिलों के लिए सोमवार को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की. केंद्र शासित क्षेत्र के ऊंचाई वाले हिस्से में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गयी, जबकि मैदानी भागों में बारिश हुई.

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा, बांदीपुरा और बारामूला जिलों और मध्य कश्मीर के गांदरबल में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है. कुपवाड़ा और बांदीपुरा के ऊंचाई वाले भागों में मध्यम स्तर के खतरनाक हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है. वहीं, गांदरबल और बारामूला जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम खतरे वाले

हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है.

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को शुरू हुई बर्फबारी के सोमवार तक जारी रहने के मद्देनजर प्रशासन ने यह चेतावनी जारी की है. अधिकारियों के मुताबिक बरामूला में पर्यटन स्थल गुलमर्ग और गांदरबल में सोनमर्ग में मौसम की पहली भारी बर्फबारी हुई है.

पिछले 24 घंटे में गुलमर्ग में 19 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई जबकि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हल्की बर्फबारी हुई. उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा जिले के गुरेज, श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला दर्रा और लद्दाख के द्रास में भी बर्फबारी हुई.

बर्फबारी के कारण प्रशासन ने जम्मू कश्मीर (Jammu and Kashmir) को लद्दाख (Ladakh) से जोड़ने वाली श्रीनगर-लेह (Srinagar-Leh) सड़क को शनिवार को यातायात के लिए बंद कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी के मैदानी भाग में बारिश होने से तापमान गिर गया है.

मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को केंद्र शासित क्षेत्र में मौसम ठीक हुआ है, लेकिन अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है.