Home राजस्थान कोटा में मेयर पद की दौड़ शुरू:कांग्रेस ने दोनों निगम में महापौर...

कोटा में मेयर पद की दौड़ शुरू:कांग्रेस ने दोनों निगम में महापौर पद के लिए प्रत्याशी तय किए, उत्तर में मंजू मेहरा और दक्षिण से राजीव अग्रवाल ने नामांकन भरा

54
0

कांग्रेस ने कोटा में दोनों नगर निगम यानी उत्तर और दक्षिण के महापौर प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। कोटा उत्तर में मंजू मेहरा को महापौर प्रत्याशी बनाया है जबकि दक्षिण नगर निगम के लिए राजीव अग्रवाल के नाम पर मुहर लगाई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी पत्र में इन दोनों का नाम तय किया गया। जिसके बाद दोनों ने आज नामांकन दखिल किया।

कोटा उत्तर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। यहां 70 में से 47 सीट कांग्रेस को मिली है। जबकि भाजपा के गढ़ कोटा दक्षिण में कांग्रेस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 80 में से 36 सीटों पर जीत हासिल की है। यहां भाजपा को भी 36 सीट मिली है, जबकि 8 निर्दलीय जीते हैं।

पहली बार पार्षद बनने वाले राजीव महापौर की दौड़ में

कांग्रेस ने कोटा दक्षिण नगर निगम से राजीव अग्रवाल को महापौर का प्रत्याशी बनाया है। राजीव पहली बार पार्षद बने है। जिनके यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल से पारिवारिक रिश्ते हैं। लॉकडाउन के समय में जनता की सेवा करने के चलते पार्टी ने उन्हें मैदान में उतारा। राजीव ने कोटा दक्षिण निगम के वार्ड 46 से चुनाव लड़ा और बीजेपी उम्मीदवार को मात दी। राजीव पेशे से उद्योगपति है। धारीवाल परिवार से नजदीकियों के कारण उन्हें महापौर प्रत्याशी बनाया गया है। उनके नाम पर सभी ने सहमति जताई है।

कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रह चुकी मंजू मेहरा

कांग्रेस ने कोटा उत्तर नगर निगम से मंजू मेहरा को महापौर का प्रत्याशी बनाया है। मंजू दूसरी बार पार्षद का चुनाव जीती हैं। लम्बे समय से कांग्रेस के विभिन्न पदों पर रहते हुए पार्टी की सेवा में लगी थी। वर्तमान में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष पद पर काबिज है। कोटा उत्तर नगर निगम में महापौर का पद एससी महिला के लिए आरक्षित है। यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के प्रति समर्पण व एससी महिला होने के कारण मंजू मेहरा को फायदा हुआ। कांग्रेस पार्टी ने रेणु रनवाला सहित अन्य एससी महिला महापौर प्रत्याशियों में से मंजू मेहरा के नाम पर मुहर लगाई।

4 निर्दलीय कांग्रेस के संपर्क में होने का दावा

सूत्रों के मुताबिक, कोटा दक्षिण में जीते 8 निर्दलीय में से 4 कांग्रेस के सम्पर्क में हैं। जबकि 3 भाजपा के सम्पर्क में हैं। वहीं एक निर्दलीय पार्षद ओम गुंजल ने अभी अपने पत्ते नही खोले हैं।

भाजपा के उम्मीदवारों ने भी नामांकन दाखिल किया

वहीं, भाजपा ने भी कोटा दक्षिण में महापौर प्रत्याशी का नाम तय कर दिया है। भाजपा ने विवेक राजवंशी को मैदान में उतारा है। साथ ही कोटा उत्तर से भाजपा ने संतोष बैरवा को महापौर प्रत्याशी घोषित किया। बुधवार को दोनों ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल किया।