Home विदेश अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों के अभिवादन के लिए अस्पताल से बाहर...

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों के अभिवादन के लिए अस्पताल से बाहर आए

55
0

US President Health Update: कोरोना संक्रमण की चपेट में आए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को अस्पताल के बाहर समर्थकों का अभिवादन करते नज़र आए. ट्रंप अपनी कार में बैठे थे और हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन कर रहे थे.

वाशिंगटन. कोरोना संक्रमण (Coronavirus) से जूझ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) रविवार को अस्पताल के बाहर समर्थकों का अभिवादन करते नज़र आए. ट्रंप को मेरीलैंड के वॉल्टर रीड हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है और अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद हैं. रविवार को ट्रंप अपनी कार में बाहर आए और हाथ हिलाकर उनकी सलामती की दुआएं मांग रहे समर्थकों का अभिवादन किया.

सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे वीडियो में नज़र आ रहा है कि ट्रंप एक कार में बैठे हैं और अस्पताल के बाहर खड़े समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे हैं. इससे पहले ट्रंप ने चारमिनट का एक वीडियो जारी कर कहा था कि- मैं ठीक हूं. हालांकि व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मेडोस ने कहा था कि उनकी स्थिति चिंताजनक है. ट्रंप की मेडिकल टीम ने बताया कि बीमारी के दौरान उनका ब्लड ऑक्सीजन लेवल दो बार गिरा था. हालांकि उनकी हालत अब ठीक है और उन्हें शुक्रवार शाम से फिर बुखार नहीं आया है.

राष्ट्रपति ने शनिवार रात हॉस्पिटल से एक वीडियो जारी कर कहा था- अब मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं. एक-दो दिन में देखते हैं क्या होता है. मुझे लगता है कि तब स्थिति ज्यादा साफ हो पाएगी. इस वीडियो में ट्रंप सूट में नजर आए थे हालांकि हमेशा की तरह उन्होंने टाई नहीं पहनी थी.

कुछ खबरों के मुताबिक, ट्रंप पहले से बीमार थे और इसकी सही जानकारी आधिकारिक तौर पर नहीं दी गई. न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक ट्रंप को शुक्रवार सुबह से ही सांस लेने में दिक्कत थी. उनका ऑक्सीजन लेवल भी कम था और व्हाइट हाउस में ही उनको ऑक्सीजन दी गई थी.

डॉक्टरों ने बताया कि फेफड़े की बीमारी से जूझ रहे राष्ट्रपति ट्रंप को गुरुवार और शुक्रवार को दो बार सप्लीमेंटरी ऑक्सीजन दी गई थी. इसके अलावा ट्रंप को डेक्सामेथासोन की डोज भी दी गई. डेक्सामेथासोन को ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे मरीजों के उपचार में प्रभावी माना गया है. डॉ ब्रायन गैरीबाल्डी ने कहा कि ट्रंप को ऑक्सीजन की कमी के कारण डेक्सामेथासोन दिया गया है. उन्होंने इसकी पहली खुराक गुरुवार को ली थी और हमारी योजना इसे अभी जारी रखने की है.