यूपी के हाथरस में हुए गैंगरेप कांड के खिलाफ पूरे देश में गुस्सा है। लगातार प्रदेश में भी कई तरह के विरोध-प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। रविवार की दोपहर एनएसयूआई के नेता काले गुब्बारे और बैनर लेकर रायपुर के जयस्तंभ चौक पहुंचे। यहां सभी ने यूपी पुलिस और योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी से कांग्रेस में गुस्सा है। शनिवार को हाथरस जाने के दौरान पुलिस से प्रियंका गांधी की झड़प हुई थी। एक पुलिसकर्मी ने प्रियंका का कुर्ता खींचा था।
इससे नाराज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। काले गुब्बारे हवा में छोड़कर योगी सरकार को कोसा। इस मौके पर विधायक और संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी पहुंचे। उपाध्याय ने कहा कि पेट्रोल डालकर यूपी में रेप पीड़िता का शव जला दिया गया। यह भाजपा की योगी सरकार के आदेश पर हुआ।
भाजपा के काले कारनामे को उजागर करने के लिए काले गुब्बारे छोड़े गए हैं। भाजपा और योगी सरकार को ये चेतावनी दी है हमने कि पीड़ितों को न्याय दिला कर रहेंगे। हाथरस घटना पर 5 से 7 तारीख तक कांग्रेस अब ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर विरोध प्रदर्शन और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है।



