कोरोना वायरस को लेकर बाजार में मास्क और सेनिटाइजर हुए महंगे नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते खौफ को बाजार भी भुनाने में जुट गए हैं। पिछले तीन दिन से मास्क और सेनिटाइजर की बिक्री एकदम से बढ़ गई है। उसी के साथ कालाबाजारी भी बढ़ गई है। पचास रुपये का मास्क और सेनिटाइजर 300 रुपये में बिकने लगा है। केमिस्ट की दुकानों पर छोटी सेनिटाइजर की बोतल का स्टॉक खत्म हो गया है और जहां मिल रहा है वहां कई गुना महंगा मिल रहा है। केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने कहा कि बाजार में जो लोग मास्क दाम बढ़ाकर बेच रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में संबंधित विभाग को एक्शन प्लान बनाने के लिए कहा गया है।
जीवन से हार चुके सिंह का राम नाम से हुआ ऊर्जा का संचार रामचरितमानस के अलावा हनुमान चालीसा और गीतावली सहित लिखे 10 ग्रंथ नई दिल्ली। मध्य प्रदेश का पन्ना जिला हीरे की खदान के लिए जाना जाता है। पन्ना निवासी रूद्रसिंह यादव को अगर हम उस खदान का हीरा कहें तो यह कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। क्योंकि उन्होंने रामचरितमानस, हनुमान चालीसा एवं गीतावली सहित 11 ग्रंथों को सिर्फ ‘राम-राम’ शब्दों से लिखा है। रामचरितमानस लिखने में ‘राम-राम’ शब्दों का 51 लाख बार प्रयोग किया है। रूद्रसिंह यादव का मानना है कि आस्था का मूल ‘अहसास और विश्वास’ है। जिस क्षण व्यक्ति को परमेश्वर के प्रति आस्था का भान हो जाता है, वही उसका सांसारिक जीवन में दूसरा जन्म होता है। जिसे जीवन के नश्वर चरित्र का आभास होने पर भगवान राम के नाम की धुनी रमाने की इच्छा जागृत होती है। इसी राम नाम के लेखन से उनके जीवन में पुन: ऊर्जा का संचार हुआ है। आज वह अपने विश्वास के बल पर अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं। रूद्रसिंह ने बताया कि उन्हें राम नाम की याद तब आई, जब वह अपने जीवन से निराश हो चुके थे। एक चोट से रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर होने और इसके काफी इलाज के बाद भी ठीक होने की उम्मीद जब खो दी थी, उस समय उनके मन में भगवान राम के प्रति भक्ति भाव जागृत हुआ।उन्होंने वर्ष 1990 से रामचरितमानस को राम-राम शब्दों से पिरोना शुरू किया और देखते ही देखते उन्होंने चार वर्षों में रामचरितमानस के सातों कांड को 1700 पृष्ठों में कलमबद्ध कर लिया। सिंह द्वारा लिखी रामचरितमानस की विशेषता यह है कि मानस की सभी चौपाई और दोहे ‘राम-राम’ शब्दों से लिखे गए हैं। एक पृष्ठ में लगभग तीन हजार बार राम-राम शब्दों का प्रयोग किया गया है। इस हिसाब से लगभग 51 लाख राम-राम शब्दों से यह रामचरितमानस तैयार हुई है, जिसमें 300 चित्रों को भी राम-राम शब्दों से ही बनाया गया है। बकौल रूद्रसिंह, इस दौरान जैसे-जैसे आस्था को बल मिलता गया, शारीरिक पीड़ा भी छूमंतर होती गयी और फिर तन-मन दोनों पूर्णत: स्वस्थ हो गये। इसके बाद सिंह ने भगवान राम और कृष्ण के चित्रों को उनके नामों से सजाने की मुहिम शुरू की। रामचरितमानस लिखने की प्रेरणा के सवाल पर रूद्रसिंह बताते हैं कि वह पेशे से शिक्षक थे और 1998 में उन्हें राष्ट्रीय अवार्ड मिला। वर्ष 2011 में सेवानिवृत्त होने के बाद वे गरीब बच्चों को मानस और राम-कृष्ण की कथा सिखाने में समय व्यतीत करने लगे। इस दौरान एक घटना में चोट लगने से वह बिस्तर तक सीमित हो गए। तब उन्हें लगा कि अब उनका बचना मुश्किल है तो क्यों न इस जीवन को राम के प्रति समर्पित किया जाए। तभी से उन्होंने राम और कृष्ण लेखन का कार्य शुरू किया और आज भी वो क्रम जारी है। रूद्रसिंह ने बताया, “शुरू में मेरे जहन में रामचरितमानस की चौपाई ‘मंत्र महा मुनि विषय ब्याल के। मेटत कठिन कुअंक भाल के।’ और ‘राम नाम अवलंबन एकू…।’ थी। इन्हीं चौपाइयों के जरिए भगवान शिव काशी के मुक्ति दाता बन गए तो क्यों न मैं भी इन्हीं को प्रेरणा मानकर राम नाम में लीन हो जाऊं। संसार में राम नाम से मुर्दा इंसान भी जाग उठता है, मैं तो सिर्फ उम्मीद से हारा था। राम नाम से शक्ति मिली और मैं लग गया राम की इच्छा पूर्ति में।” अपनी कृतियों के बारे में रूद्रसिंह बताते हैं कि उन्होंने अब तक रामचरितमानस, हनुमान चालीसा, वैराग्य संजीवनी और गीतावली समेत 11 ग्रंथ लिखे हैं। इसके अलावा श्रीमद्भगवद्गीता के नौ अध्याय भी पूरा कर चुके हैं। इस दिशा में काफी लोग उनकी मदद को आगे आए। इसमें मुख्यरूप से साहित्यकार संदीप कुमार और डालमिया सीमेंट के प्रमुख मृदु हरि डालमिया का नाम शामिल है, जिन्होंने मेरी कोशिश को आर्थिक संबल दिया। एक चित्र के लिए 200 रुपये का खर्च आता है और इन चित्रों की संख्या करीब छह हजार थी। ऐसे में हरि डालमिया के दो लाख रुपये की मदद ने मुझे हौंसला दिया। भविष्य की योजनाओं को लेकर सिंह कहते हैं कि हमें आज के बारे में सोचना चाहिए आने वाला कल तो राम की इच्छा से ही चलेगा, फिरभी उनका प्रयास हजारों की संख्या में चित्र बनाने का है जिसे बाद में वेबसाइट पर डाला जाएगा। इस लेखन का परिवार पर पड़े प्रभावों के बारे में सिंह ने कहा, “आज मेरा पूरा परिवार राममय श्रद्धा में डूबा हुआ है। मेरी एक पोती आर्टिस्ट है और दूसरी कथावाचक। दोनों दामाद भी आस्था के इसी कार्य से जुड़े हैं। मैं सपरिवार भगवद्भक्ति के प्रचार कार्य में पूरी शिद्दत से लगा हूं। इस दौरान कई कार्यक्रम नि:शुल्क करने की भी अपनी योजना है।”
गुवाहाटी। असम से भूटान गए एक अमरिकी पर्यटक के शरीर में कोरोना वायरस पाये जाने के बाद असम सरकार का स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य विभाग छोटी-छोटी सावधानियों पर विशेष नजर रखे हुए है। इस कड़ी में राज्य के स्वास्थ्य राज्य मंत्री पीयूष हजारिका ने शनिवार को गुवाहाटी के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्य की जनता को कोरोना वायरस को लेकर चिंतित नहीं होने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस से संबंधित किसी भी रोगी की मृत्यु न हो इसके लिए सभी तरह के आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। हजारिका ने बताया कि पूरे विश्व में अब तक लगभग एक लाख लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से भारत में अभी तक एक भी व्यक्ति की मौत इस वायरस की वजह से नहीं हुई है।मंत्री ने कहा कि असम में वर्तमान में अभी तक कोरोना वायरस के एक भी मामले सामने नहीं आए हैं। उन्होंने कहा कि बावजूद वायरस को रोकने के लिए सामान्य रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था रखने के साथ ही एन-95 मास्क न होने पर भी सामान्य मास्क का व्यवहार करना उचित है। असम से भूटान गए अमरिकी पर्यटक के शरीर में कोरोना वायरस पाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि पर्यटक गुवाहाटी के जिस होटल में ठहरे थे, वहां के सभी कर्मचारियों को जांच के दायरे में रखा गया है। साथ ही उनके स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के हवाई अड्डों पर अब तक कुल 585 लोगों का परीक्षण किया गया है। स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने बताया कि गुवाहाटी मेडिकल कालेज अस्पताल (जीएमसीएच) में कोरोना वायरस की जांच की व्यवस्था की गई है। साथ ही डिब्रूगढ़ महाविद्यालय में भी परीक्षण की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि सरकारी चिकित्सालयों के अलावा सभी निजी चिकित्सालयों के साथ भी सरकार लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया है कि राज्यभर में कुल 56 आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं।
ओरछा। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ओरछा में ”नमस्ते ओरछा” महोत्सव में दूसरे दिन आज सुबह विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गयीं। इस दौरान स्थानीय बेतवा रिट्रीट में स्वास्थ्य एवं योगा सत्र हुआ, जिसमें विदेशी सैलानियों के साथ देशी सैलानियों ने भी योगाभ्यास किया। इसके साथ ही, पर्यटकों ने बेतवा रिट्रीट से साईकलिंग की, जो बेतवा पुल, अभ्यारण्य, जहांगीर महल, मुख्य मार्ग होते हुए बेतवा रिट्रीट वापिस पहुंची। सुबह की अनुभूतियों में बेतवा नदी में कंचना घाट से पर्यटकों ने एडवेंचर स्पोर्टस (राफ्टिंग) का आनंद लिया। इसमें सैलानियों ने बेतवा नदी में राफ्टिंग की। सैलानियों ने फोटोग्राफी वॉक का भी आनंद लिया।
बीजिंग। चीन में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,070 हो गई है। शनिवार को 28 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या में इजाफा हुआ है। चीन के स्वास्थ्य प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार को 99 संक्रमित लोगों के मामले दर्ज हुए हैं। दक्षिण कोरिया में शनिवार को 483 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे कुल संक्रमित लोगों की संख्या 7000 हो गई है।वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई है। उल्लेखनीय है कि चीन के वुहान शहर से घातक कोरोना वायरस के फैलने की शुरुआत हुई थी। अब यह 97 देश इस वायरस की चपेट में हैं। वैश्विक स्तर पर कुल 102,180 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें से 80,651 लोग केवल चीन में ही संक्रमित हैं। इस वायरस के तेजी से फैलने के कारण बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं और व्यापार में भी लोगों को नुकसान हो रहा है। कई देशों ने यात्रा और उड़ानों पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान की इस्लामाबाद हाई कोर्ट ने औरत मार्च पर रोक लगाने वाली याचिका खारिज कर दी है। चीफ जस्टिस अतहर मिनल्लाह ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि यह न्यायसंगत नहीं है। सभा करना एक मौलिक अधिकार है। कोर्ट उम्मीद करता है कि मार्च में भाग लेने वाले लोग कानून के दायरे में रहकर मार्च करेंगे। जस्टिस मिनल्लाह ने कहा है कि मार्च के दौरान अगर कानून के विरुद्ध कुछ किया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी फैसले में कहा है कि यह मार्च करने वालों के लिए एक मौका है यह साबित करने के लिए कि उनके ईरादे गलत नहीं हैं। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में औरत मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 08 मार्च को निकाला जाएगा। पिछले दो साल से औरत मार्च का आयोजन हो रहा है। वर्ष 2018 में ‘हम औरतें’ द्वारा आयोजित किया गया था, जो हर क्षेत्र में औरतों के हक की मांग करता है।
असुनियन (पराग्वे)। ब्राजील के पूर्व पुटबॉल खिलाड़ी को शुक्रवार को जाली पासपोर्ट के साथ प्रवेश करने के आरोप में पराग्वे में गिरफ्तार कर लिया गया। पराग्वे पुलिस की जांच इकाई के प्रमुख गिलबर्टो फ्लेटस ने कहा कि एक न्यायाधीश के वैकल्पिक सजा के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद रोनाल्डिन्हो और उनके भाई को हिरासत में ले लिया गया है। टीवी तस्वीरों में असुनियन शहर के बाहरी इलाके में शेरटन होटल से एक पुलिस वाहन में दोनों भाइयों को एक पुलिस स्टेशन में ले जाते हुए दिखाया गया है। रोनाल्डिन्हो और उनके भाई रॉबर्टो को शनिवार को एक न्यायाधीश के सामने पेश किए जाने की उम्मीद है, जो तय करेंगे कि दोनों को मुक्त करना है या जांच जारी रखते हुए उन्हें हिरासत में रखना है। रोनाल्डिन्हो के भाई रॉबर्टो उनके व्यवसाय प्रबंधक भी हैं।असुनियन हवाई अड्डे पर आने के लिए फर्जी पासपोर्ट पेश करने के बाद पुलिस द्वारा उनसे पूछताछ की गई। मामले की जांच कर रहे अभियोजक फेडरिको डेलफिनो ने कहा कि दोनों के पासपोर्ट में गड़बड़ी की गई थी। उन्होंने अधिकारियों से सहयोग किया था, इसलिए उन्हें वैकल्पिक सजा का भुगतान करने के बाद रिहा करने की सिफारिश की गई थी। हालांकि एक न्यायाधीश ने शुक्रवार को उस समझौते को खारिज कर दिया। अभियोजन पक्ष के कार्यालय के एक बयान के अनुसार संगठित अपराध और आर्थिक अपराध इकाइयों के अधिकारियों को मामले की जांच का काम सौंपा गया है। दोनों भाइयों को एक स्थानीय कैसीनो के मालिक ने पराग्वे में आमंत्रित किया था। वे बुधवार को बच्चों के लिए एक फ़ुटबॉल प्रशिक्षण और एक पुस्तक लॉन्च में भाग लेने के लिए आये थे। आखिरी बार पेशेवर खिलाड़ी के रूप से 2015 में खेले रोनाल्डिन्हो दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों में बेहद लोकप्रिय हैं। 39 वर्षीय यह खिलाड़ी इस सदी के शुरुआती दौर में अपने चरम पर दुनिया का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी माना जाता था। उन्हें 2004 और 2005 में फीफा वर्ल्ड प्लेयर ऑफ द ईयर नामित किया गया था। रोनाल्डिन्हो 2002 में विश्व कप जीतने वाले ब्राजील और 2006 में चैंपियंस लीग जीतने वाले क्लब बार्सिलोना की टीम में शामिल थे।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पेशावर में स्थित ऐतिहासिक सुनहरी मस्जिद ने 23 साल बाद महिलाओं के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं। शहर की महिलाओं ने इस कदम का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया है। साथ ही घोषणा के बाद ही शुक्रवार को 15-20 महिलाओं ने नमाज अदा की। सुनहरी मस्जिद कंटोनमेंट इलाके के मेन सद्दर रोड पर स्थित है। मस्जिद के अधिकारियों ने बताया कि ईद पर भी महिलाओं को नमाज पढ़ने की अनुमति दी जाएगी। मस्जिद के इमाम मोहम्मद इस्माइल ने कहा है कि यह निर्णय जो अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले लिया गया है। इससे सदर और अन्य इलाकों की महिलाओं की सहूलियत होगी। उल्लेखनीय है कि साल 1996 से पहले महिलाओं को मस्जिद के ऊपर वाले हिस्से में शुक्रवार की नमाज अदा करने की अनुमति थी। लेकिन इसी साल बढ़ते आतंकवाद के कारण महिलाओं के मस्जिद में आकर नमाज अदा करने पर रोक लगा दी गई थी। इमाम ने बताया कि उन्होंने फिर से मस्जिद के ऊपरी हिस्से को महिलाओं के लिए खोल दिया है। वहीं शुक्रवार की नमाज में बेटियों के साथ भाग लेने वाली एक महिला ने बताया कि वह इस निर्णय से बहुत खुश है। यह एक अच्छा निर्णय है। यह अनुमति महिलाओं को रोज होने वाली नमाज में भी मिलनी चाहिए।
बिलासपुर/ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री, लोकसभा प्रत्याशी और कद्दावर नेता अटल श्रीवास्तव सरल स्वभाव, कुशल नेतृत्व क्षमता के लिए लिए जाने जाते है, उनके प्रभावशाली व्यक्तित्व के कारण ही कांग्रेसियों और अटल टीम के द्वारा अटल श्रीवास्तव का गुरुवार को बिलासा पुत्र अटल सम्मान समारोह 2020 कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बिलासपुर लोकसभा के सभी क्षेत्रों से कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नगरीय चुनावो तथा त्रिस्तरीय चुनावों में जीते कांग्रेसियों के द्वारा अटल श्रीवास्तव का ऐतिहासिक स्वागत कर सम्मान किया गया। जिसमें कांग्रेसियों में एक अलग ही उत्साह एवं खुशियां दिख रही थी। एक ओर जहां लोकसभा क्षेत्र के अधिकांश संगठन प्रमुखों ने इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दी तो वही दूसरी ओर मुंगेली कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह क्षत्रिय और नगर पालिका के कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी रहे हेमेंद्र गोस्वामी की अनुपस्थिति कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा, कुछ कांग्रेसियों द्वारा आपस मे किये जा रहे चर्चा में सुना गया कि लोकसभा चुनाव के पहले टिकट के लिए हेमेंद्र ने भी प्रयास किया था, परंतु अटल श्रीवास्तव को टिकट मिल गया, जिससे कही न कही हेमेंद्र गोस्वामी को यह बात चुभी होगी। उसके अलावा मुंगेली से विधानसभा, लोकसभा, नगरीय निकाय और जनपद चुनाव में कांग्रेस असफल रही जो जिला कांग्रेस कमेटी के अकुशलता को प्रदर्शित करता हैं, परंतु जब मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होना था तब प्रदेश महामंत्री अटल श्रीवास्तव को इसकी जवाबदारी आलाकमान ने दी, अटल श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व के चलते मुंगेली में जिला पंचायत अध्यक्ष पद कांग्रेस के पक्ष में आया, कांग्रेसियों के साथ अन्य लोगों ने भी कहा कि अगर जिला पंचायत चुनाव में अटल श्रीवास्तव प्रभारी नही होते तो जिला पंचायत में कांग्रेस के पक्ष में अध्यक्ष उपाध्यक्ष नही बन पाते ? इससे ऐसा प्रतीत होता हैं कि अटल श्रीवास्तव के कुशल नेतृत्व को कुछ लोग पचा नही पा रहे है या यूं कहें कि अटल श्रीवास्तव की मुंगेली में नेतृत्व करने से पार्टी प्रमुख एवं अध्यक्ष बनने से चुके लोगों के पेट मे दर्द शुरू हो गया हैं बहरहाल मुंगेली में सुबह से यह राजनीतिक चर्चा होती रही कि जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष पद के कांग्रेसी दावेदार आखिर अटल श्रीवास्तव के सम्मान समारोह से परहेज क्यों किये ? क्या उनके पास कोई और बहाना हैं ? अटल श्रीवास्तव के सम्मान समारोह में मुंगेली जिले के अटल टीम के पार्षद अरविंद वैष्णव, पूर्व पार्षद संजय जायसवाल, सोम वर्मा, स्वतंत्र मिश्रा सहित ज़िला पंचायत के सभी विजयी प्रत्याशी, जिले के विजयी हुए नगर पंचायत, जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने अटल का सम्मान करते हुए आभार प्रगट किया। लोरमी से सोनू चंद्राकर और सागर सिंह ने भी अपने समर्थकों सहित कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दी। सम्मान समारोह में अटल श्रीवास्तव भावुक हो गए तथा अपने विचारों और सिद्धांतों को उपस्थित कांग्रेसियों के बीच रखा, अटल श्रीवास्तव ने कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति का नही बल्कि पूरे प्रदेश नेतृत्व और पूरे संगठन का हैं, अटल श्रीवास्तव के संबोधन को सभी कांग्रेसी लगन से सुन रहे थे, समारोह लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित था जहाँ भारी संख्या में कांग्रेसी एवं अटल टीम मौजूद थी।
मुंबई। तेलुगू सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडेय की जोड़ी इस समय काफी चर्चा में हैं। दरअसल ये दोनों इस समय मुंबई में अपनी आने वाली फिल्म फाइटर की शूटिंग कर रहे हैं। इस शूटिंग से इन दोनों की कई तस्वीरें सामने आई हैं जिन्हें सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। हाल में उनकी तस्वीर सामने आई थी जिसमें अनन्या, विजय के साथ बाइक के फ्यूल टैंक पर बैठी दिखाई दी थीं। अब एक फेरी में इनकी कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इन तस्वीरों में एक ऐसी तस्वीर भी सामने आई है जिसमें विजय ने अनन्या को गले लगा रखा है। इस तस्वीर में अनन्या काफी अनकम्फर्टेबल दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग इस तस्वीर पर कॉमेंट करने से खुद को रोक नहीं सके। इसके बाद तो सोशल मीडिया पर विजय और अनन्या के बारे में मजेदार कॉमेंट आने लगे। कुछ फैन्स ने तो अनन्या और विजय देवरकोंडा के नाम को मिलाकर नया नाम अनाकोंडा तक दे दिया। बता दें कि फिल्म फाइटर का डायरेक्शन पुरी जगन्नाथ कर रहे हैं और 6 महीने इसकी शूटिंग मुंबई में जबकि फिर विदेशी लोकेशंस पर होगी। फिल्म को करण जौहर और अपूर्व मेहता प्रड्यूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह फिल्म हिंदी के साथ ही साउथ की भाषाओं में भी रिलीज होगी।